1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना जेल में कैदियों की मौज, शराब पार्टी का VIDEO वायरल होने पर प्रशासन के उड़े होश

पटना जेल में कैदियों की मौज, शराब पार्टी का VIDEO वायरल होने पर प्रशासन के उड़े होश

पटना जेल के एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है। जेल में बंद कैदी शराब पार्टी कर रहे हैं। कैदी शराब और गांजा लेते हुए वीडियो बना रहे हैं।

जेल में शराब पीते कैदी- India TV Hindi
जेल में शराब पीते कैदी

बिहार में 2016 से शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद लोग धड़ल्ले से शराब पीते पकड़े जाते हैं, जिसकी वजह से बिहार पुलिस भी सवालों के घेरे में है। अब राजधानी पटना का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिससे एक बार फिर शराबबंदी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, सोशल मीडियो पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो राजधानी पटना के मसौढ़ी जेल का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जेल में बंद कैदी शराब पार्टी कर रहे हैं। कैदी शराब और गांजा पी रहे हैं।

ग्लास में शराब, मस्ती के मूड में कैदी

हालांकि, इस वायरल वीडियो की पुष्टि इंडिया टीवी नहीं करता है। वीडियो देखा जाए तो कुछ कैदी जेल के अंदर शराब पार्टी करते, गांजा लेते और मोबाइल से वीडियो बनाते दिख रहे हैं। कैदी ग्लास में शराब लिए और मस्ती के मूड में कैमरे की ओर देखकर इशारे कर रहे हैं। वीडियो में दिख रहे युवक खुद को मसौढ़ी जेल का कैदी बता रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मसौढ़ी उपकारा से जांच रिपोर्ट मांगी है। वायरल वीडियो के बाद सवाल उठने लगा है कि आखिर जेल के अंदर शराब और गांजा कैसे पहुंच रहा है।

चार विचाराधीन कैदी कोर्ट से फरार

एक अन्य खबर में, बीते बुधवार को बिहार के समस्तीपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक अदालत परिसर से चार विचाराधीन कैदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फरार होने वाले कैदियों में छोटू उर्फ ​​हंटर, मनीष कुमार, अरविंद साहनी और मंजीत कुमार शामिल हैं। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे एक अन्य विचाराधीन कैदी नागेंद्र कुमार को पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।

यह घटना उस समय हुई जब इन विचाराधीन कैदियों को अदालत में पेशी के बाद हवालात ले जाया जा रहा था। सभी कैदी अलग-अलग आपराधिक मामलों के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में थे। घटना के तुरंत बाद फरार व्यक्तियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। एएसपी पांडेय ने इस घटना को "गंभीर चिंता का विषय" बताया। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जाएगी और यदि सुरक्षाकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

पंजाब में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, ISI से शेयर की थी 'ऑपरेशन सिंदूर' की जानकारी, 5 साल से आतंकी के संपर्क में था

चिनाब ब्रिज के उद्घाटन की तारीख आ गई, बेमिसाल है दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल