गोपालगंज के कुचायकोट प्रखंड के सासामुसा चीनी मिल के पीछे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलाके में एक विशाल अजगर सांप दिखाई दिया। जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी, मौके पर देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन मामला तब और चौंकाने वाला बन गया जब लोगों ने देखा कि अजगर सांप दर्जनों अंडों के चारों तरफ लिपटा हुआ था, मानो उनकी सुरक्षा कर रहा हो।
खतरे का संकेत?
स्थानीय लोगों के अनुसार, इतना बड़ा अजगर पहले कभी इस इलाके में नहीं देखा गया था। अजगर का आकार और उसके साथ इतने अधिक अंडों की मौजूदगी ने लोगों को हैरान कर दिया। कुछ लोग इसे प्राकृतिक घटना बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे खतरे का संकेत भी मान रहे हैं। जानकारी मिलते ही कुचायकोट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद वन विभाग और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर सांप को पकड़ा और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
अब बात करते हैं अजगर सांप और उसके अंडों की-
अजगर, जिसे वैज्ञानिक रूप से Python कहा जाता है, एक गैर-विषैला लेकिन बेहद शक्तिशाली सांप होता है। यह अपने शिकार को जकड़कर मारता है। खास बात यह है कि मादा अजगर अपने अंडों की रक्षा खुद करती है। आमतौर पर एक मादा अजगर एक बार में 20 से लेकर 100 तक अंडे दे सकती है। अजगर सांप अपने अंडों के चारों ओर लिपट कर उन्हें गर्म रखता है। इसे “brooding” कहा जाता है। इस दौरान मादा अजगर कई हफ्तों तक बिना खाए अंडों की रक्षा करती है। यही कारण है कि सासामुसा में देखा गया दृश्य काफी दुर्लभ और खास माना जा रहा है।
आसपास हो सकते हैं और भी अगजर
विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी इलाके में अजगर के अंडे मिलने का मतलब यह हो सकता है कि वहां आसपास और भी अजगर मौजूद हो सकते हैं या यह उनका प्राकृतिक आवास बनता जा रहा है। इसलिए स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर खेतों, झाड़ियों और सुनसान इलाकों में जाते समय। हालांकि, अजगर आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन खतरा महसूस होने पर यह आक्रामक हो सकता है। इसलिए ऐसे मामलों में खुद से नजदीक जाने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और आसपास और अजगर होने की आशंका भी जता रहे हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
(गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
यूपी: 10 दिन में गांव से मिले 2 अजगर तो मचा हड़कंप, 10-10 फीट है लंबाई, ग्रामीणों में दहशत
VIDEO: 18 फीट लंबे अजगर ने वन विभाग की टीम पर बोला हमला, एक-दूसरे पर गिरते पड़ते भागे कर्मी