A
Hindi News बिहार बिहार से राज्यसभा पहुंचे ये 5 नेता, नीतीश कुमार-नितिन नवीन समेत NDA के पांचों उम्मीदवार जीते

बिहार से राज्यसभा पहुंचे ये 5 नेता, नीतीश कुमार-नितिन नवीन समेत NDA के पांचों उम्मीदवार जीते

एनडीए के सभी उम्मीदवारों को जीत मिली है। वहीं, आरजेडी ने सिर्फ एक उम्मीदवार उतारा था और उसे भी हार का सामना करना पड़ा है। नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। ऐसे में उन्हें सीएम के पद से इस्तीफा देना होगा।

बिहार से राज्यसभा...- India TV Hindi Image Source : PTI/FB-SHIVESHKUMAR बिहार से राज्यसभा पहुंचने वाले नेता

राज्यसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और बिहार से एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत हुई है। एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार को द्वितीय वरीयता के आधार पर जीत मिली है। इस चुनाव में आरजेडी ने सिर्फ एक उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारा था और उसे भी हार का सामना करना पड़ा है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भी एनडीए ने अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्हें भी जीत मिली है। ऐसे में वह राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। अब उन्हें मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देना होगा।

एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार ने नतीजों का ऐलान होने से पहले ही बता दिया था कि उन्हें द्वितीय वरीयता के वोट से बढ़त मिली है। नतीजों का ऐलान होने के बाद साफ हो गया कि वह राज्यसभा चुनाव जीत चुके हैं। राज्यसभा चुनाव के कारण बिहार की राजनीति में कई बड़े बदलाव होने तय हैं। सीएम नीतीश कुमार के ऊपरी सदन में जाने से राज्य में नया सीएम बनेगा। 

बिहार से राज्यसभा पहुंचे ये नेता

उम्मीदवार प्रथम वरीयता के मत
नीतीश कुमार  44
नितिन नवीन 44
राम नाथ ठाकुर 42
उपेंद्र कुशवाहा 42
शिवेश कुमार 30

महागठबंधन के चार विधायकों ने नहीं किया मतदान

जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने दावा किया कि एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला, जबकि विपक्षी महागठबंधन के चार विधायकों ने मतदान नहीं किया। राजद के ढाका से विधायक फैजल रहमान, कांग्रेस के तीन विधायक मनिहारी के मनोहर प्रसाद सिंह, वाल्मीकिनगर के सुरेंद्र कुशवाहा और फारबिसगंज के मनोज विश्वास ने मतदान नहीं किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन, राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और जेल में बंद जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह समेत विभिन्न नेताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान सुबह नौ बजे बिहार विधानसभा परिसर में शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतगणना शाम पांच बजे के बाद शुरू हुई।

Image Source : India TVबिहार में बीजेपी के सभी उम्मीदवार जीते

भाजपा ने हमारे विधायक चुराए- कांग्रेस

तीन कांग्रेस विधायकों के गायब होने पर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, "हमारे विधायकों को भाजपा ने चोरी कर लिया। बीजेपी की सरकार है। तीन विधायक 13 तारीख से लगातार संपर्क में थे। 13 तारीख के रात तक सभी विधायक कंफर्टेबल थे, बात हो रही थी। आखिर ऐसी कौन सी बात आ गई कि 13 तारीख के बाद से हमारे तीन विधायक पहुंच से बाहर हो गए। भाजपा जहां रहती है, वोट चोरी करके सरकार बनाती है। हमारे जीते हुए प्रतिनिधियों को बीजेपी चुराती है। 1 विधायक आए थे हमारे पास। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। घरों के बाहर पुलिस लगा दी गई है। 13 तारीख के बाद हमारे विधायक कब चोरी हो गए कहना मुश्किल है। सीनियर नेताओं से राय लेकर हम उन पर कार्रवाई करेंगे। ये माफ करने वाली बात नहीं है।"

यह भी पढ़ें-

बिहार: अनंत सिंह ने किया बड़ा ऐलान, बोले- "अगर नीतीश कुमार CM नहीं रहे तो चुनाव नहीं लड़ूंगा, अब बेटे चुनाव लड़ेंगे"

राज्यसभा चुनाव के बीच बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह का किया गया ट्रांसफर