1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप

पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप

पटना के बेऊर मोड़ पर एक कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम और आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि उसकी गाड़ी से गलती से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद भीड़ ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। जानें क्या है पूरा मामला।

पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी- India TV Hindi
Image Source : ANI पटना में लाइनमैन की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी

बिहार की राजधानी पटना में एक लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद भारी बवाल खड़ा हो गया है। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया और आग जलाकर उग्र प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि लाइनमैन की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या की गई है। 

क्या है पूरा मामला
पटना के बेऊर मोड़ पर एक कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम और आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि उसकी गाड़ी से गलती से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद भीड़ ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद, हालात को काबू में करने और इलाके में ट्रैफिक बहाल करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन पर भीड़ ने तब हमला किया जब गाड़ी पीछे करते समय कथित तौर पर दो साल का बच्चा उसकी चपेट में आ गया। मृतक लाइनमैन के भाई अनुराग का कहना है कि मुझे नहीं पता कि गाड़ी पीछे करते समय क्या हुआ। गाड़ी की चपेट में दो साल का बच्चा आ गया जो खेल रहा था। अगर बच्चा गाड़ी की चपेट में आ गया था, तो उसे मारने की क्या ज़रूरत थी? 

उन्होंने आरोप लगाया, उसे कमरे में बंद करके मारा गया। मारने के बाद वे दावा कर रहे हैं कि उसने आत्महत्या की है। यह क्या है? क्या वे हमें बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं? उसे वहां क्वार्टर में रहने वाले अधिकारियों और लोगों ने जान-बूझकर मारा है। पुलिस अधिकारी हालात पर नज़र रखे हुए हैं और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कदम उठा रहे हैं। वहीं लाइनमैन की पत्नी के आवेदन पर बिजली विभाग के एसडीओ अशोक कुमार सिन्हा एवं अन्य के खिलाफ जक्कनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। 

पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
बेऊर थाना क्षेत्र के विशुनपुर पकड़ी निवासी बिजली विभाग के लाइनमैन अनुराग राज की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी पत्नी स्नेहा ने हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एसडीओ अशोक कुमार सिन्हा और उनके सहयोगियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। सदर डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को बुधवार रात करीब 8:10 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद मृतक की पत्नी के बयान को आधार बनाते हुए एसडीओ एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीक जांच की है और साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है।

(Input - ANI)