1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में एक ही घर से निकले 40 से अधिक गेहुअन सांप, मच गया हड़कंप, देखें Video

पटना में एक ही घर से निकले 40 से अधिक गेहुअन सांप, मच गया हड़कंप, देखें Video

 Published : Jul 09, 2026 02:28 pm IST,  Updated : Jul 09, 2026 02:34 pm IST

बिहार की राजधानी पटना में बरसात के समय मिट्टी के एक घर में गेहुअन (Indian Cobra) सांपों का बसेरा देखने को मिला है। सपेरे ने एक ही मकान से 40 से अधिक गेहुअन (Indian Cobra) को निकाला है।

Patna house snake- India TV Hindi
पटना में घर से निकला सांप। Image Source : REPORTER

बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन प्रखंड के समकुड़ा गांव के एक मिट्टी के मकान से 40 की संख्या में गेहुअन (Indian Cobra) जहरीले सांप निकलने से पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। सबसे बड़ी बात यह रही की इतने सांपों का बसेरा होने के बावजूद भी सांप के झुंड ने घर में रह रहे किसी भी महिला, पुरुष, बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मामला प्रकाश में आने के बाद गांव के आसपास के लोग अपने-अपने घरों की साफ सफाई करने में जुट गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार पुनपुन प्रखंड के समकुड़ा गांव में शंभू प्रसाद अपने मिट्टी के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर में पत्नी, दो पुत्र और एक बच्चा रहता है। शंभू कुमार के पुत्र बंटी कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले रात में सोने के दौरान उनकी नजर अचानक एक सांप पर पड़ी। कुछ ही देर बाद घर के अलग-अलग हिस्सों में तीन सांप और दिखाई दिये। लगातार सांप निकलने से पूरा परिवार परेशान हो गया। दूसरे दिन ग्रामीणों की मदद से सांपों को मार दिया गया, लेकिन घर में सांपो के लगातार निकलने से पूरे परिवार में डर का माहौल कायम हो गया।

सपेरे ने पकड़े सांप

ऐसे में परिवार ने एक सपेरे को बुलाया गया। सपेरे ने जब मकान के हर हिस्से की काफी बारीकी से तलाशी लेनी शुरू की तो मिट्टी की दीवारों के भीतर से एक-एक कर छोटे-बड़े जहरीले सांप और उनके उनके बच्चे निकलने लगे। देखते ही देखते 40 से अधिक सांपो को सपेरे ने खोज निकाला। वहां उपस्थित सपेरे ने सभी सांप एवं उनके बच्चों को सुरक्षित एक प्लास्टिक के डब्बे में पैक कर दिया।

लोगों ने घरों की साफ-सफाई शुरू की

एक घर से 40 से अधिक सांप निकालने की सूचना पूरे गांव में आग की तरफ फैल गई। लोग सांपों को देखने के लिए आसपास गांव से पहुंचने लगे। इस घटना के बाद आसपास के गांव के लोगों ने अपने-अपने कच्चे एवं खपरैल मकान की साफ सफाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया है कि बरसात के मौसम और ऐसी स्थिति में कच्चे एवं खपरैल के मकान में सांपों का बसेरा हो सकता है। स्थिति यह बनी हुई है कि गांव के लोग खुद को दहशत में महसूस कर रहे हैं और रात में जाग कर अपने एवं अपने बच्चों को सुरक्षित रखने का प्रयास करने में जुट गए हैं।

खतरनाक सांप होता है गेहुअन

जानकारी के अनुसार गेहुअन (Indian Cobra) को 'भारतीय नाग' भी कहा जाता है। यह भारत के चार सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसे अंग्रेजी में 'इंडियन कोबरा' (Indian Cobra) या 'स्पेक्टेकल्ड कोबरा' (Spectacled Cobra) भी कहा जाता है। इसके फन (hood) पर चश्मे (spectacle) जैसी आकृति बनी होती है, जिससे इसकी पहचान की जाती है। यह भारत के सबसे खतरनाक सांपों में से एक है। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)

ये भी पढे़ं- झारखंड के स्कूल हॉस्टल में घुसा सांप, सो रही 4 छात्राओं को काटा; 1 की मौत, 1 की हालत नाजुक

किचन में छिपा बैठा था कोबरा, दूध का बर्तन रखने गए स्कूल संचालक को डसा, झाड़फूंक में समय गंवाने के कारण गई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।