1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Video: घर की दीवार से निकले 29 कोबरा सांप, इनमें 2 वयस्क और 27 बच्चे, सभी को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा

Video: घर की दीवार से निकले 29 कोबरा सांप, इनमें 2 वयस्क और 27 बच्चे, सभी को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 20, 2026 01:46 pm IST,  Updated : Jun 20, 2026 01:46 pm IST

घर की दीवार में बनी दरार से सांपों के फुफकारने की आवाज आ रही थी। जब लोगों ने झांककर देखा तो पूरा परिवार चौंक गया। रेस्क्यू करने वाली टीम पहुंची तो दरार से एक साथ 29 कोबरा सांप निकले।

Snake- India TV Hindi
घर के अंदर मिले सांप Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के भद्रक जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर से एक साथ दो वयस्क कोबरा सांप और उनके 27 बच्चे बरामद किए गए। इतनी बड़ी संख्या में जहरीले सांप मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, यह घटना भद्रक जिले के हरिपुर पंचायत अंतर्गत भटपुर गांव की है। गांव के निवासी सनातन बेहरा के परिवार को शाम के समय घर के एक कोने से सांपों की फुफकार जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत स्नेक हेल्पलाइन को इसकी सूचना दी।

नर और मादा कोबरा के साथ 27 बच्चे निकले

सूचना मिलते ही स्नेक हेल्पलाइन से जुड़े सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घर की मिट्टी की दीवार में बने एक बड़े दरारनुमा हिस्से में सांपों का ठिकाना मिला। सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर वहां से एक नर कोबरा, एक मादा कोबरा और उनके 27 नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मिट्टी की दीवार में सांप ने दिए थे अंडे

बताया जा रहा है कि मादा कोबरा ने घर की मिट्टी की दीवार की दरार में अंडे दिए थे। कुछ समय बाद वहीं अंडों से बच्चे निकल आए। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। सांपों की संख्या देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। यह इलाका नदी के पास स्थित है, जिसके कारण अक्सर सांप दिखाई देते हैं। हालांकि एक ही घर से इतने अधिक कोबरा सांपों का मिलना बेहद दुर्लभ घटना मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील

रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। घटना के बाद आसपास के लोगों से सतर्क रहने और घरों में दरारों व खाली जगहों की नियमित जांच करने की अपील की गई है। भद्रक जिले में पहले भी कई बार घरों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में सांपों के निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन इस बार एक साथ 29 कोबरा सांप मिलने की घटना ने लोगों को चौंका दिया है।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

Video: मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक की मौत, हार्ट पेसेंट था, 250 मीटर दौड़ने के बाद गिरा फिर नहीं उठा

बच्चा चोर समझकर भीड़ ने NGO कर्मियों को पीटा, युवती के कपड़े तक फाड़ दिए, 16 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत