मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के गांगाहोनी गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सांप के काटने से 40 वर्षीय प्राइवेट स्कूल संचालक की मौत हो गई। समय पर उपचार नहीं मिलने और झाड़फूंक में समय गंवाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सांप पर पड़ गया पैर
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय विष्णु प्रसाद लववंशी पिता लक्ष्मीनारायण लववंशी निवासी गांगाहोनी को रात 12 बजे के करीब सांप ने काटा। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 12 बजे विष्णु प्रसाद अपने घर के किचन में दूध का बर्तन रखने गए थे। उनका घर सड़क किनारे स्थित है। जैसे ही उन्होंने किचन के अंदर कदम रखा, उनका पैर वहां छिपे सांप पर पड़ गया। अचानक सांप ने उनके पैर के अंगूठे में डस लिया। सांप के काटते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
आधे घंटे तक झाड़फूंक कराते रहे, शरीर में फैलता रहा जहर
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन बीच में पहले झाड़फूंक के लिए तरेनी स्थित देव स्थान पर रुक गए। यहां करीब आधे घंटे तक झाड़फूंक कराते रहे। इस दौरान विष शरीर में फैलता रहा। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही लखनवास के पास रास्ते में विष्णु प्रसाद ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकीय मदद समय पर न मिलने से उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने गुरुवार को सुठालिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया, मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
2 छोटे बच्चो के सिर से उठा पिता साया
विष्णु प्रसाद गांव में एक निजी स्कूल का संचालन करते थे, इसी से उनका परिवार पल रहा था। अपने पीछे परिवार में पत्नी और 11 और 13 वर्ष आयु के दो बेटे-बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से परिवार गहरे सदमे में है। बताया जा रहा है कि शिक्षक समाजसेवी और उदारवादी थे, सभी उनके व्यवहार की सराहना करते थे।
(रिपोर्ट- गोविंद सोनी)
यह भी पढ़ें-
गाजियाबाद में बाल-बाल बची महिला, कार ड्राइव करते समय डैशबोर्ड पर निकल आया कोबरा सांप, देखें VIDEO
Video: घर की दीवार से निकले 29 कोबरा सांप, इनमें 2 वयस्क और 27 बच्चे, सभी को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा