1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में बाल-बाल बची महिला, कार ड्राइव करते समय डैशबोर्ड पर निकल आया कोबरा सांप, देखें VIDEO

गाजियाबाद में बाल-बाल बची महिला, कार ड्राइव करते समय डैशबोर्ड पर निकल आया कोबरा सांप, देखें VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 01, 2026 07:14 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 07:14 pm IST

गाजियाबाद में एक कोबरा सांप के कार के अंदर दिखने से हड़कंप मच गया। कार ड्राइव कर रही महिला के मदद मांगने पर ट्रैफिक पुलिस के जवान ने कोबरा को कार के अंदर से बाहर निकाला।

Ghaziabad- India TV Hindi
सांप को कार से निकालकर बोतल में बंद किया गया Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में एक महिला की जान बाल-बाल बच गई। दरअसल महिला जब अपनी कार ड्राइव कर रही थी, तभी उसे कार के अंदर अपने डैशबोर्ड पर कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप के दिखते ही महिला कार से बाहर निकल गई और मौके पर मौजूद लोगों से मदद मांगी।

इसके बाद मौके पर ट्रैफिक पुलिस के जवान ने सांप को कार से बाहर निकाला और बोतल में बंद किया। सांप को सुरक्षित कार से बाहर निकाल लिया गया। इससे महिला को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सांप को भी वन विभाग को देने की प्रक्रिया शुरू की गई।

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को एक अनोखा मामला सामने आया। वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल ने कार में निकले कोबरा सांप को पकड़कर महिला चालक की जान बचाई। 

जानकारी के अनुसार, राजनगर की श्रीराम हाइट सोसाइटी निवासी मीनाक्षी शर्मा पुत्री जेपी शर्मा अपनी कार UP 16BX7652 से नोएडा ऑफिस जा रही थीं। कानावनी एलिवेटेड के पास कार के डैशबोर्ड पर अचानक कोबरा सांप दिखते ही वह घबरा गईं और कार रोककर नीचे उतर गईं।

उसी दौरान वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक क्रेन नंबर-1 पर तैनात हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार में रखी पानी की खाली बड़ी बोतल में सांप को सुरक्षित तरीके से कैद कर लिया।

पुलिसकर्मी के इस साहसिक कार्य से महिला चालक के चेहरे पर राहत लौट आई। वह सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। पकड़े गए कोबरा को वन विभाग को सुपुर्द किया जा रहा है।

कितना खतरनाक होते हैं कोबरा सांप?

कोबरा को सबसे खतरनाक सांपों में से एक माना जाता है और इसकी वजह ये है कि उसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है और इंसान के नर्वस सिस्टम को प्रभावित करता है। इसीलिए समय से डॉक्टर के पास नहीं पहुंचने पर पीड़ित की मौत हो सकती है। 

इसके काटने के बाद सूजन, उल्टी, दृष्टि धुंधली होना, बोलने में दिक्कत, सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। भारत में सांपों के काटने से होने वाली मौतों में बड़ी संख्या कोबरा के काटने से होती है। हमला करने से पहले ये सांप फन फैलाकर सामने वाले को चेतावनी देते हैं और फिर हमला बोलते हैं। ये बहुत तेजी से हमला करते हैं। अगर कोबरा काटे तो बिना देरी के हॉस्पिटल पहुंचें। (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें- 

हरियाणा में मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़ गई पालतू डॉग जिम्मी, जहर से हुई मौत, सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।