1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के मुजफ्फरपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़, 800 लीटर स्पिरिट और 35 कार्टन शराब बरामद, 3 गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़, 800 लीटर स्पिरिट और 35 कार्टन शराब बरामद, 3 गिरफ्तार

बिहार में नकली शराब के गुनगहार पकड़े गए हैं। 800 लीटर स्पिरिट और 35 कार्टन शराब बरामद हुई है। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभाग की टीम ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

liquor- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बिहार के मुजफ्फरपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभाग की टीम ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न स्थानों पर हुई कार्रवाई में 800 लीटर स्पिरिट, 35 कार्टन अंग्रेजी शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पहली कार्रवाई कांटी थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और सब-इंस्पेक्टर अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर शत्रुघ्न महतो को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके घर के समीप बने भूसा घर से चार ड्रमों में छिपाकर रखी गई 800 लीटर स्पिरिट और पानी के कई जार बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से स्पिरिट मंगाकर नकली शराब तैयार करता था।

किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब का कारोबार

दूसरी कार्रवाई सरैया थाना क्षेत्र के अबूचक इलाके में हुई। यहां एक किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा था। उत्पाद विभाग की टीम ने दुकान संचालक मो. मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उत्तर प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब के 35 कार्टन और 80 खुली बोतलें बरामद की गईं।

वहीं तीसरी कार्रवाई रामदयालु नगर क्षेत्र में की गई, जहां बस से यात्रा कर रही एक महिला तस्कर को संदेह के आधार पर रोका गया। उसके पिट्ठू बैग की जांच करने पर अंग्रेजी शराब की 10 बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उत्पाद विभाग ने तीनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान लगातार जारी रहेगा।

गौरतलब है कि बिहार में शराब को लेकर काफी सख्ती है, इसके बावजूद इसका अवैध कारोबार करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं।

इससे पहले सीतामढ़ी में मीट हाउस में अवैध शराब परोसी जा रही थी, मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार हुए थे। (रिपोर्ट- मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

गोपालगंज में शराब तस्करी का अजब-गजब तरीका, स्कॉर्पियो का इंजन, बॉडी और स्टेपनी को बनाया दिया तहखाना