A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. खेसारी लाल के शो में बवाल, स्टेज छोड़कर भागे: मुजफ्फरपुर में चले लाठी-पत्थर, भगदड़ में लोगों को आई चोट

खेसारी लाल के शो में बवाल, स्टेज छोड़कर भागे: मुजफ्फरपुर में चले लाठी-पत्थर, भगदड़ में लोगों को आई चोट

मुजफ्फरपुर में जैसे ही खेसारी लाल यादव का शो शुरू हुआ, मंच के करीब पहुंचने की होड़ में लोग आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की इतनी बढ़ गई कि बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे।

khesari lal yadav show- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT खेसारी लाल यादव के प्रोग्राम में हुआ हंगामा।

बिहार के मुजफ्फरपुर के गरहां स्थित अर्जुन बाबू पशु मेला इन दिनों किसी फिल्मी सेट से कम नहीं दिख रहा है। पहले महिला डांसरों के कार्यक्रम में हुई हाथापाई से हंगामा मचा और अब भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के शो में हालात बेकाबू हो गए।

बैरिकेडिंग टूटी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बुधवार शाम आयोजित कार्यक्रम में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही खेसारी लाल यादव का शो शुरू हुआ, मंच के करीब पहुंचने की होड़ में लोग आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की इतनी बढ़ गई कि बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। देखते ही देखते मेला स्थल अफरा-तफरी में बदल गया। स्थिति बिगड़ती देख कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

स्टेज पर जूते-चप्पल फेंकने लगे लोग

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव जैसे ही मंच पर पहुंचे लोगों ने हूट‍िंग शुरू कर दी, और स्‍टेज पर जूते-चप्पल फेंकने लगे। लोग स्टेज की तरफ बढ़ने लगे। वे उसके साथ सेल्फी लेना चाहते थे। लेकिन मेला में तैनात प्राइवेट गार्ड ने लोगों को रोकने की कोशिश की तो दर्शकों और गार्ड्स के बीच मारपीट शुरू हो गई। लोगों ने मंच पर भी पत्थर फेंकना शूरू कर दिया। माहौल बिगड़ते देख खेसारी लाल यादव वहां से निकल गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो-

बताया जा रहा है कि लोग अपने पसंदीदा स्टार खेसारी लाल यादव की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में पहुंचे थे। लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण हालात बिगड़ गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस पूरे आयोजन के मुख्य आयोजक पूर्व मंत्री और भाजपा नेता राम सूरत राय हैं। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

बाहुबली नेता सुनील पांडे ने खेसारी लाल यादव को दिया खुला ऑफर, बोले- अबकी बार... आपका टिकट फाइनल करवाएंगे

नालंदा में महिला का सरेआम चीरहरण: बीच सड़क पर नोचते रहे मनचले, कपड़े फाड़कर घसीटा; VIDEO बनाते रहे लोग