A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. उर्स से लौटते समय बरेली में मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत, पत्नी को फोन पर दी थी खतरे की सूचना

उर्स से लौटते समय बरेली में मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत, पत्नी को फोन पर दी थी खतरे की सूचना

मौलाना तौसीफ रज़ा 24 और 25 तारीख को उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शिरकत करने के लिए बरेली गए थे। इसी दौरान बरेली कैंट क्षेत्र में कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर इसकी जानकारी भी दी थी।

maulana death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मौलाना की फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के बरेली में मौलाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राजनीति तेज हो गई है। मालूम हो कि बिहार के किशनगंज जिले के मौलाना तौसीफ रज़ा मजहरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। तौसीफ रजा ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत  भोगडावर पंचायत के बाखोटोली गांव के निवासी थे। वह गोरखपुर में इमामत की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

उर्स में शिरकत करने के लिए बरेली गए थे मौलाना

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मौलाना तौसीफ रज़ा 24 और 25 तारीख को उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शिरकत करने के लिए बरेली गए थे। इसी दौरान बरेली कैंट क्षेत्र में कुछ लोगों के साथ उनका विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मौलाना ने अपनी पत्नी को फोन कर पूरी स्थिति की जानकारी दी और पुलिस को सूचित करने के लिए कहा। इसके कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।

बरेली कैंट के पास मिला शव

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद बरेली कैंट के समीप उनका शव बरामद किया गया। परिजनों का दावा है कि मौलाना और उनकी पत्नी के बीच हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

Image Source : reporter inputमौलाना तौसीफ रजा

निष्पक्ष जांच की मांग तेज

इस संबंध में AIMIM नेता सह विधायक तौसीफ आलम, जेडीयू विधायक गोपाल अग्रवाल सहित अन्य नेताओं ने  गहरा दुख जताते हुए कहा कि एक आलिम-ए-दीन की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों के आधार पर इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

नेताओं ने यूपी सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा किशनगंज के पुलिस अधीक्षक, सांसद, ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा AIMIM बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल इमान से भी मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।

(रिपोर्ट- राजेश दुबे)

यह भी पढ़ें-

32 मिनट तक बैंक में मारा-मारा फिरते रहे जीतू, फिर बहन का कंकाल लेकर पहुंचे; RDC जांच में सामने आई सच्चाई

'न्याय नहीं तो मौत!' गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर गेट पर गूंजी रेप पीड़िता की चीखें, आत्मदाह के प्रयास ने मचाया हंगामा