A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार के काफिले की गाड़ी ने DSP को मारी टक्कर, सामने आया VIDEO

नीतीश कुमार के काफिले की गाड़ी ने DSP को मारी टक्कर, सामने आया VIDEO

पटना में एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार के काफिले में शामिल गाड़ी ने एक डीएसपी को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

वाहन ने डीएसपी को मारा धक्का। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT वाहन ने डीएसपी को मारा धक्का।

पटना: बिहार के सीएम नीतीश कुमार आज प्रकाश पर्व के मौके पर पटना सिटी स्थित गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व समारोह को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इससे संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। हालांकि उनके गुरुद्वारा दौरे के दौरान एक हादसा हो गया। दरअसल, नीतीश कुमार के काफिले में शामिल एक गाड़ी ने मौके पर मौजूद एक डीएसपी को धक्का मार दिया। डीएसपी वहां सुरक्षा व्यवस्था की देखभाल में शामिल थे। वहीं गाड़ी की टक्कर से डीएसपी घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

वाहन ने डीएसपी को मारी टक्कर

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रकाश पर्व के मौके पर सिख समुदाय को शुभकामनाएं देने और मत्था टेकने पटना सिटी स्थित गुरुद्वारा पहुंचे थे। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात थे। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान उनके काफिले को सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा था। इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे एक डीएसपी को नीतीश कुमार के काफिले में शामिल एक वाहन ने धक्का मार दिया। वाहन के धक्के से डीएसपी अनियंत्रित होकर गिर गए, जिससे उन्हें चोट भी लगी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन के द्वारा डीएसपी को धक्का लगते हुए देखा जा सकता है। 

गुरुद्वारे में पहुंचे नीतीश कुमार

कार्यक्रम को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, "आज गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व समारोह को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इससे संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। बिहारवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जन्म यहीं हुआ था। बड़ी संख्या में यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सभी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा है।"

प्रकाश पुंज का किया निरीक्षण

नीतीश कुमार ने आगे लिखा, "पटना साहिब में बनाए गए ‘प्रकाश पुंज’ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र एवं उद्यान परियोजना में प्रदर्शित सिख धर्म के आध्यात्मिक उपदेशों, प्रदर्शों एवं कलाओं का अवलोकन किया। प्रकाश पुंज के सामने निर्माणाधीन वाच टावर का भी निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। वाच टावर बन जाने से श्रद्धालु प्रकाश पुंज को बेहतर ढंग से देख सकेंगे। यहां तालाब निर्माण के साथ साथ घूमने एवं बैठने के लिए व्यवस्था की जा रही है ताकि आने वाले श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग इसका लाभ उठा सकें। इसके उपरांत कंगन घाट में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए टेंट सिटी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।"

यह भी पढ़ें-

कुत्ता बीमार हुआ तो दो बहनों ने कर लिया सुसाइड, लंबे समय से डिप्रेशन में थीं; परिवार में भी कई बीमार

जयपुर: CCTV सामने आने के बाद पत्थरबाजों के खिलाफ सख्त एक्शन, चौमूं में दंगाइयों के इलाज में जुटी पुलिस