A
Hindi News छत्तीसगढ़ काम की तलाश में आए थे, थककर रेलवे ट्रैक पर ही सो गए, तेज रफ्तार ट्रेन से कटे 2 लोग, 2 की हालत गंभीर

काम की तलाश में आए थे, थककर रेलवे ट्रैक पर ही सो गए, तेज रफ्तार ट्रेन से कटे 2 लोग, 2 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के बालोद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। झारखंड से काम की तलाश में दल्लीराजहरा आए 2 मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।

तेज रफ्तार ट्रेन की...- India TV Hindi Image Source : INDIA TV तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से मजदूरों की मौत

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में झारखंड से काम की तलाश में दल्लीराजहरा पहुंचे 2 मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमकसा के पास की घटना है। शुरुआती जांच के अनुसार कुल 11 मजदूर ट्रैक के रास्ते पैदल जा रहे थे। इसी दौरान थकावट के कारण 4 मजदूर पटरी पर ही सो गए और ऊपर से ट्रेन इन्हें रौंदते हुए गुजर गई।

साथियों ने जगाने की कोशिश की लेकिन...

यह घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, चारों मजदूर रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे पैदल चल रहे थे और थकान के कारण ट्रैक पर ही लेट गए। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई। एक युवक ने ट्रेन आते देख बाकी साथियों को जगाने की कोशिश की, लेकिन दो मजदूर समय रहते उठ नहीं सके और ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने क्या बताया?

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि सभी मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं और बालोद में मजदूरी के लिए आए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है और झारखंड में उनके परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। हादसे के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मजदूर किस ठेकेदार के पास काम करने आए थे और रेलवे ट्रैक के जरिए सफर क्यों कर रहे थे।

बड़ी लापरवाही का मामला

यह हादसा मजदूरों की गंभीर लापरवाही को भी उजागर करता है, जहां सड़क मार्ग होने के बावजूद उन्होंने रेल पटरियों पर चलने का निर्णय लिया और चलते-चलते वहीं लेट गए। यह असावधानी उनके लिए जानलेवा साबित हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- सिकंदर खान)

यह भी पढ़ें-

हनीमून मर्डर केस: "मुझे नशीली दवाएं दी गईं, फिर..." सोनम का दावा, यूपी पुलिस ने क्यों कहा-घटिया था प्लान

VIDEO: हनीमून और मर्डर का खूनी खेल, शादी से खुश था राजा, उदास थी सोनम, राज खोल रहीं तस्वीरें