Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हनीमून मर्डर केस: "मुझे नशीली दवाएं दी गईं, फिर..." सोनम का दावा, यूपी पुलिस ने क्यों कहा-घटिया था प्लान

हनीमून मर्डर केस: "मुझे नशीली दवाएं दी गईं, फिर..." सोनम का दावा, यूपी पुलिस ने क्यों कहा-घटिया था प्लान

Edited By: Kajal Kumari @lallkajal Published : Jun 10, 2025 08:09 am IST, Updated : Jun 11, 2025 07:07 am IST

राजा रघुवंशी मर्डर केस में कई तरह के खुलासे हो रहे हैं। उसकी हत्या का आरोप पत्नी सोनम रघुवंशी पर लगा है। गिरफ्तारी के बाद सोनम ने कहा कि उसे नशीली दवाएं दी गईं। जानिए उसके दावे पर यूपी पुलिस ने क्या कहा?

गिरफ्तार की गई सोनम रघुवंशी- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO गिरफ्तार की गई सोनम रघुवंशी

मेघालय में अपने पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून मनाने गई सोनम रघुवंशी को अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में सोमवार की सुबह यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार किया गया है। सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी 23 मई को मेघालय के शिलांग में लापता हो गए थे, जिन्हें खोजने का काफी प्रयत्न किया गया और दो जून को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई में सड़ी हुई अवस्था में मिला था, उसके सिर पर गहरे घाव के निशान थे। उसके बाद लापता सोनम रघुवंशी की तलाश की जा रही थी कि वो अचानक यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे पर मिली और उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद कई तरह की बातें सामने आ रही हैं लेकिन सोनम ने अलग ही दावा किया है। 

सोनम का दावा-उसे ड्रग्स देकर गाजीपुर लाया गया

राजा रघुवंशी का शव मिलने के एक सप्ताह बाद, लापता सोनम रघुवंशी अचानक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के एक ढाबे में पहुंची और कथित रूप से उसने पुलिस के सामने "आत्मसमर्पण" कर दिया, जिसके बाद उसके गिरफ्तार होने की खबर मिली। उसके बाद राजा की हत्या के चार आरोपी भी गिरफ्तार किए गए। सोनम की गिरफ्तारी के बाद राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़े कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। NDTV से बात करते हुए, यूपी पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अमिताभ यश ने मामले के बारे में कई खुलासे किए, जिसमें सोनम का यह दावा भी शामिल है कि "उसे ड्रग्स देकर गाजीपुर लाया गया था, ताकि वह खुद को पीड़ित के रूप में पेश कर सके।

यूपी पुलिस बोली-सोनम का मर्डर प्लान था घटिया

यूपी पुलिस के अतिरिक्त डीजीपी अमिताभ यश ने सोनम रघुवंशी के दावे पर कहा कि सोनम एक  "घटिया प्लानर थी, उसने बहुत ही घटिया मर्डर प्लान बनाया था।" उन्होंने कहा कि सोनम ने अपने पति की कथित हत्या के कुछ दिनों बाद खुद को पुलिस के सामने पीड़ित के रूप में पेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आरोपी ने यह दावा इसलिए किया क्योंकि उसे पुलिस की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी नहीं थी।

उन्होंने एनडीटीवी को बताया, "सोनम ने पुलिस के सामने खुद को पीड़ित के रूप में पेश किया और दावा किया कि उसे नशीला पदार्थ देकर गाजीपुर लाया गया था। उसने अपने परिवार को इस बारे में बताया, क्योंकि उसे पता था कि पुलिस अंततः उस तक पहुंच जाएगी। सोमवार को सुबह करीब 3 बजे उसने अपने परिवार को बताया कि वह गाजीपुर-वाराणसी रोड पर एक ढाबे पर है। उसके परिवार ने तुरंत मध्य प्रदेश पुलिस से संपर्क किया, जिन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद सोनम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया और फिर वन-स्टॉप सेंटर भेजा गया।" 

राज से था प्यार, पति राजा की करा दी हत्या

बता दें कि पुलिस ने सोमवार को सोनम रघुवंशी और उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें उसका कथित विवाहेतर प्रेमी राज कुशवाहा भी शामिल है। गाजीपुर के वन-स्टॉप सेंटर में, जहां सोनम को सोमवार को अस्थायी रूप से रखा गया था, कर्मचारियों ने कहा कि उसने हत्या के आरोपों को खारिज कर दिया था। नाम न बताने की शर्त पर एक कर्मचारी ने कहा, "दोपहर बाद जब वह जागी, तो उसने कहा कि उसका अपहरण कर लिया गया था और उसने किसी की हत्या नहीं की।"


ये भी पढ़ें:

Latest Crime News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement