1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कॉलेज में साथ पढ़ते थे, साथ में चेन भी छीनते थे... इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स का काला कारनामा; मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को बनाते थे निशाना

कॉलेज में साथ पढ़ते थे, साथ में चेन भी छीनते थे... इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स का काला कारनामा; मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को बनाते थे निशाना

भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्रा साथ में चेन स्नैचिंग भी कर रहे थे। पैसों की कमी से जूझ रहे दोनों स्टूडेंट्स अपने शौक पूरे करने और पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को निशाना बनाते थे।

आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी गिरफ्तार।

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में चैन स्नैचिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी कोई शातिर अपराधी नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले एक युवक और युवती हैं। दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसे की जरूरत के चलते उन्होंने चैन स्नैचिंग की प्लानिंग की और वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।

पढ़ाई के साथ कर रहे थे चेन छीनने का काम

दरअसल, मामला 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर घर के सामने टहल रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक-युवती पहुंचे और पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी को दोबारा निशाना बनाया गया। लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

Image Source : reporter inputआरोपी छात्र-छात्रा गिरफ्तार।

पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी स्कूटी से सुबह के समय घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। एक आरोपी स्कूटी चलाता था, जबकि दूसरा मौका मिलते ही चैन झपटकर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था।

सोने की चैन, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वहीं, झारखंड के जमशेदपुर में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से लोगों में दहशत का माहौल है। यहां भी मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी नामक महिला को एक उचक्के ने अपना निशाना बना लिया। आरोपी पैदल आया और महिला के गले से करीब 3 लाख रुपये की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।

(रिपोर्ट- सिकंदर खान)

यह भी पढ़ें-

'क्राइम पेट्रोल' देखकर शातिर हुआ चेन स्नैचर, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा; CCTV फुटेज भी आया सामने

आप भी सावधान रहें..., मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से कैसे हुई चेन स्नैचिंग? Video आया सामने