1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'क्राइम पेट्रोल' देखकर शातिर हुआ चेन स्नैचर, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा; CCTV फुटेज भी आया सामने

'क्राइम पेट्रोल' देखकर शातिर हुआ चेन स्नैचर, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा; CCTV फुटेज भी आया सामने

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 12, 2026 06:54 pm IST,  Updated : Jun 12, 2026 06:54 pm IST

पिंपरी चिचंवड में पुलिस ने एक आरोपी को फिल्मी स्टाइल में पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोपी ने क्राइम पेट्रोल देखने के बाद छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने का तरीका सीखा था।

पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चेन स्नैचर को दबोचा।- India TV Hindi
पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चेन स्नैचर को दबोचा। Image Source : REPORTER INPUT

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से सटे पिंपरी चिंचवड शहर और आस-पास के इलाकों में पिछले डेढ़-दो महीनों से आतंक का पर्याय बने एक शातिर चेन स्नैचर को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान सुमित इंगले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सोलापुर का रहने वाला है। पिंपरी चिंचवड के एडिशनल पुलिस कमिश्नर सारंग आव्हाड ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया। आरोपी को पकड़ने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में आरोपी को पकड़ा है।

पुलिस ने खंगाले 200 सीसीटीवी फुटेज

एडिशनल पुलिस कमिश्नर सारंग आव्हाड ने बताया कि पिछले कुछ समय से शहर में लगातार चेन स्नैचिंग की वारदातें हो रही थीं, जिससे पुलिस काफी दबाव में थी। सांगवी पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई एक हालिया वारदात के बाद क्राइम ब्रांच की यूनिट 1 को इसकी जांच सौंपी गई। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए वारदात के रूट से जुड़े करीब 150 से 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बाणेर की तरफ भागता है और बाणेर-पुणे हाईवे का इस्तेमाल करता है।

फिल्मी स्टाइल में आरोपी को दबोचा

सुराग मिलते ही पुलिस की फील्ड टीम ने पिछले तीन-चार दिनों से संबंधित हाईवे और संभावित ठिकानों पर ट्रैप (जाल) लगाया हुआ था। सुबह के वक्त पुलिस को संदिग्ध आरोपी दिखाई दिया। जब आरोपी एक डेड-एंड (बंद रास्ते) की तरफ बढ़ा, तो मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और दबोच लिया। सोशल मीडिया पर पुलिस की इस कार्रवाई का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी भेष बदलकर आरोपी को पकड़ते दिख रहे हैं। एडिशनल कमिश्नर ने पुष्टि की कि यह वीडियो इसी कार्रवाई का है और पूरी टीम को इस बेहतरीन काम के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

क्राइम पेट्रोल देखकर सीखा अपराध

पुलिस पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, आरोपी सुमित इंगले कोई नौसिखिया नहीं है, बल्कि वह 2016 से 2024 के बीच एक एक्टिव चेन स्नैचर रहा है। उसके खिलाफ पुणे शहर, पुणे ग्रामीण और पिंपरी चिंचवड में पहले से ही 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आने के बाद उसने गुजारे के लिए कुछ अन्य काम करने की कोशिश की थी, लेकिन जुए की लत के कारण वह सफल नहीं हो सका और दोबारा अपराध की दुनिया में लौट आया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' के दो एपिसोड देखे थे, जिससे सीख लेकर उसने पुलिस से बचने और चेन स्नैचिंग करने की अपनी तकनीक को और बेहतर किया था।

कई पुरानी घटनाओं का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुमित इंगले अकेले ही इन वारदातों को अंजाम देता था। उसके पास दो गाड़ियां थीं, जिनमें से एक उसकी खुद की थी और दूसरी वह आमतौर पर दैनिक किराए पर लेता था। इस गिरफ्तारी के बाद पिंपरी चिंचवड कमिश्नरेट क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की 5 वारदातें सुलझ चुकी हैं। पुलिस ने अब तक आरोपी के पास से 76 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। (इनपुट- समीर शेख)

यह भी पढ़ें-

क्लास में पढ़ रही थीं छात्राएं तभी ऊपर से गिरा छत का प्लास्टर, कई घायल; CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।