महाराष्ट्र के नालासोपारा में नवरात्रि उत्सव के दौरान गरबा खेलने आने वाली हिंदू महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोपों से घिरे आरिफ अय्यूब शेख के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। आरोपी के मोबाइल में 150 से अधिक अश्लील वीडियो होने का दावा किया गया है। वहीं, 12 अक्टूबर को एक युवती ने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। नालासोपारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की विशेष जांच दल (SIT) के माध्यम से जांच कराने की मांग विश्व हिंदू महासंघ, मुंबई के प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने की है।
30 से अधिक मिले अश्लील वीडियो
9 अक्टूबर को नालासोपारा पश्चिम के छेड़ानगर स्थित वेबकॉर्न जिम में व्यायाम करने आए कुछ युवकों के सामने आरिफ शेख द्वारा नवरात्रि में गरबा खेलने आने वाली महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है। इसके बाद उसके मोबाइल की जांच किए जाने पर 30 से अधिक अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा शिकायत में किया गया था। अब इस मामले में 150 से अधिक वीडियो होने का दावा सामने आया है। हालांकि, वीडियो की वास्तविक संख्या और उनकी प्रकृति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।
देर रात तक नहीं दर्ज हुई FIR
प्रदीप मिश्रा के अनुसार, मामला सामने आने के बाद उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन से लगातार संपर्क किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रात 10 बजे से सुबह तक इंतजार करने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुबह करीब 3 बजे अहमद मेमन नाम का एक व्यक्ति घटनास्थल पर आया और आरिफ शेख को वहां से अपने साथ ले गया।
डिलीट किए गए सबूत
मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को सौंपे गए मोबाइल फोन में मौजूद कथित सबूत बाद में डिलीट कर दिए गए। उन्होंने मांग की कि प्रशासन को मोबाइल सौंपे जाने के बाद उसमें मौजूद जानकारी कैसे हटाई गई, इसकी जांच की जाए। साथ ही, इस मामले में पुलिस की भूमिका और संबंधित व्यक्तियों की कथित संलिप्तता की भी जांच करने की मांग की गई है।
अश्लील वेबसाइटों पर भेजकर कमाए जा रहे थे पैसे
मिश्रा ने कहा कि इस मामले में आरोपी द्वारा कुछ युवतियों को निशाना बनाकर उनसे संपर्क करने और उनके साथ यौन उत्पीड़न किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कथित आपत्तिजनक वीडियो विदेशों की अश्लील वेबसाइटों पर भेजकर उनसे पैसे कमाए जा रहे थे।
युवती ने आरोपी शेख के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
इस बीच, 12 अक्टूबर को एक युवती द्वारा आरिफ शेख के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में कैमरे के सामने आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर रही है। प्रदीप मिश्रा ने मांग की है कि पूरे मामले की गहन जांच की जाए, डिजिटल सबूतों की पड़ताल की जाए और कथित तौर पर इसमें शामिल सभी व्यक्तियों से पूछताछ की जाए।
नालासोपारा पुलिस स्टेशन से इस पूरे मामले की जानकारी ली गई। साथ ही, विश्व हिंदू महासंघ के प्रभारी प्रदीप मिश्रा से हमारे प्रतिनिधि प्रभाकर कुडाळकर ने बातचीत की।
हनीफ पटेल की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
MPSC में सुधार के लिए तुकाराम मुंढे को बड़ी जिम्मेदारी, 10 दिन बाद अभ्यर्थियों का आंदोलन खत्म