1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मधेपुरा में 12 साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या, भीड़ की पिटाई से हमलावर की भी मौत

मधेपुरा में 12 साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या, भीड़ की पिटाई से हमलावर की भी मौत

बिहार के मधेपुरा में 12 साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हमलावर की भी पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बच्चे की गला रेत कर हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बच्चे की गला रेत कर हत्या।

मधेपुरा: जिले के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के रतनपुरा पंचायत में हत्या का मामला सामने आया है। यहां इटहरी गांव के वार्ड 2 में शनिवार को 12 साल के बच्चे की कचिया से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों की पिटाई से हमलावर की भी मौत हो गई है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

बच्चे की गला रेत कर हत्या

जानकारी के मुताबिक मृत बच्चे की पहचान इटहरी निवासी सुनील ठाकुर के पुत्र सुमित कुमार (12) के रूप में हुई है। वहीं, मृत संदिग्ध की पहचान घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के बराही वार्ड 8 निवासी अनिल यादव (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल यादव मानसिक रूप से विक्षिप्त था। सुमित के दादा फुलेश्वर ठाकुर ने बताया कि शनिवार को सुमित अन्य बच्चों के साथ गांव में पुल के समीप खेल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उस पर कचिया से हमला कर उसका गला काट दिया। आस-पास के बच्चों ने दौड़कर घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी। हमले में गंभीर रूप से घायल सुमित की मौत हो गई। 

ग्रामीणों की पिटाई से हमलावर की भी मौत

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने संदिग्ध अनिल यादव को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के कारण अनिल की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घैलाढ़-सिंहेश्वर मुख्य सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर एसडीपीओ अजय कुमार और बीडीओ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह 10.30 बजे पुलिस को इटहरी गांव में बच्चे की हत्या और उसके बाद संदिग्ध की पिटाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि कानून हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। (इनपुट- मनीष कुमार)

यह भी पढ़ें-

अभिजीत दिपके की दादी का हुआ निधन, लंबी बीमारी के बाद आज सुबह ली अंतिम सांस

Latest Crime News