1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बदायूं: घर में सो रही मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या, हमलावर ने भागते समय भाई को भी मारा चाकू

बदायूं: घर में सो रही मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या, हमलावर ने भागते समय भाई को भी मारा चाकू

विधवा महिला के नाम ससुराल में कुछ जमीन थी। इसे लेकर विवाद चल रहा था। हमलावर ने महिला और उसकी मां को चाकू से गोदकर मार दिया। इसके बाद भागते समय मौसेरे भाई पर भी हमला कर दिया।

Representative Image- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में जमीन के विवाद में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना दातागंज थाना क्षेत्र की है। यहां बिरमपुर गांव में आधी रात के बाद मां और बेटी की चाकू से गोदकर और गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक युवक भी चाकू लगने से घायल हुआ है। मृतक बेटी के भाई ने बताया कि उसके मौसेरे भाई ने फोन पर बताया कि उस पर चाकू से हमला हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे मां और बहन की लाश मिली। दोनों की बड़े ही निर्मम तरीके से हत्या की गई थी।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दातागंज थाना क्षेत्र के बीरमपुर में शांति देवी (75) और उनकी विधवा बेटी जयंती (42) एक नए बने घर में रहती थीं। मां-बेटी दोनों एक ही चारपाई पर सो रही थीं, जबकि शांति की बहन का बेटा विपिन भी उनके साथ रहता था और घटना के समय घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात दोनों अपने घर में सो रही थीं, इसी दौरान अज्ञात हत्यारे ने मां और बेटी की गला रेतकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घर के बाहर सो रहे विपिन को भी चाकू लगा है, जिसका कहना है कि उसने शोर सुनकर दरवाजा खोला तभी अंदर से मुंह बांधे हुए एक हत्यारा निकला, जिसने उसके ऊपर भी चाकू से प्रहार किया। 

परिजन का बयान

शांति देवी के बेटे संजू ने बताया कि विपिन ने आकर बताया कि किसी अज्ञात हत्यारे ने उसकी मौसी और बहन की चाकुओं से गोदकर और गला रेतकर हत्या कर दी है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। परिजनों का कहना है कि उनकी विधवा बहन को ससुराल वालों से कुछ जमीन मिली थी, जिसे उन्होंने हाल ही में 50 लाख रुपये में बेचा था। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात करीब दो बजे शांति देवी (75) और जयंती (42) की अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। 

पुलिस का बयान

एसएसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और परिजनों से बातचीत कर घटना की संक्षिप्त जानकारी ली गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। 

यह भी पढ़ें-

दिल्ली: हुमायूं का मकबरा कैंपस में एक कमरे की छत गिरी, 11 लोग बचाए गए, कई अन्य के दबे होने की आशंका

दिल्ली में अवैध हथियार रखने के आरोप में 9 लोग गिरफ्तार, 24 पिस्तौलें जब्त

 

Latest Crime News