1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में अवैध हथियार रखने के आरोप में 9 लोग गिरफ्तार, 24 पिस्तौलें जब्त

दिल्ली में अवैध हथियार रखने के आरोप में 9 लोग गिरफ्तार, 24 पिस्तौलें जब्त

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Aug 14, 2025 08:52 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 08:52 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 9 लोगों को अवैध हथियार रखने और उनके प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 24 पिस्तौलें जब्त की गई हैं।

Delhi police arrested 9 people for possessing illegal weapons in Delhi 24 pistols seized- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी में स्वतंत्रता दिवस से पहले सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने और बड़ी मात्रा में हथियार रखने के आरोप में कुख्यात नीरज बवाना गिरोह के संदिग्ध सदस्यों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 12 और 13 अगस्त की दरमियानी रात को, गुप्त सूचना को आधार पर गश्ती के दौरान कई टीमों ने कार्रवाई उन आरोपियों को पकड़ा जो कथित तौर पर सोशल मीडिया पर शस्त्रों का प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 23 देशी पिस्तौल और 28 कारतूस बरामद किए गए।

क्या बोले पुलिस उपायुक्त

उत्तर बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस से पहले हमने साइबर देखरेख तेज कर दी थी ताकि ऐसे अपराधियों की पहचान की जा सके। उन्हें पकड़ने के लिए टीमें तैनात की गईं।” अधिकारी ने बताया कि आरोपी यामीन उर्फ जोनी (28), श्रीराम उर्फ छोटू (21) और आदित्य (19) को शाहबाद डेरी, एनआईए और भलस्वा डेरी इलाके से पकड़ा गया। आरोपियों के पास से नौ देशी पिस्तौल, एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इनके अलावा, दो अन्य आरोपी आकाश (21) और अमरजीत उर्फ हैप्पी (26) को क्रमशः नरेला और बवाना से गिरफ्तार किया गया जिनसे पांच पिस्तौल और छह कारतूस जब्त किए गए।

कई हथियार जब्त

एक अन्य कार्रवाई में, सोनल मिश्रा (23), मोमिन खान (25), नूर हसन (26) और आनंद उर्फ मित्तू (36) को शाहबाद डेरी, जे.जे. कॉलोनी बवाना और नाथूपुरा से पकड़ा गया। पुलिस ने मिश्रा से एक पिस्तौल और दो कारतूस, खान और हसन से एक-एक पिस्तौल व एक-एक कारतूस और मित्तू से एक पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, यामीन उर्फ जोनी के खिलाफ पहले भी लूट और चोट पहुंचाने के तीन मामले दर्ज हैं और वह अपराधी संजू सहारावत का सहयोगी तथा नीरज बवाना गिरोह से जुड़ा है। श्रीराम और आदित्य सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाने का काम करते थे जबकि आकाश और अमरजीत नरेला-बवाना बेल्ट में अवैध हथियारों की आपूर्ति में सक्रिय थे।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।