1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भारत को F-35 बेचने का अमेरिका ने नहीं दिया आधिकारिक प्रस्ताव, Su-57 पर भी फैसला नहीं: वायुसेना प्रमुख

भारत को F-35 बेचने का अमेरिका ने नहीं दिया आधिकारिक प्रस्ताव, Su-57 पर भी फैसला नहीं: वायुसेना प्रमुख

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 11, 2026 06:59 am IST,  Updated : Oct 11, 2026 08:09 am IST

जोधपुर में 'तरंग शक्ति-2026' के समापन समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार से निर्णय मिलने के बाद ही Su-57 की क्षमताओं का भारतीय वायुसेना की जरूरतों के अनुरूप आकलन किया जाएगा। भारत फिलहाल भविष्य की हवाई युद्ध जरूरतों और स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान के विकास पर ध्यान दे रहा है।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह- India TV Hindi
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह Image Source : PTI

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि अमेरिका ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान F-35 बेचने का कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं दिया है। वहीं, रूस के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान Su-57 को खरीदने या उसका मूल्यांकन करने को लेकर भी अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शनिवार को जोधपुर में बहुराष्ट्रीय वायु अभ्यास 'तरंग शक्ति-2026' के समापन समारोह के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। F-35 लड़ाकू विमान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "आपके लोग तो हमें एयरक्राफ्ट के पास भी नहीं जाने देते, और आप हमें इसे बेचने की बात कर रहे हैं।"

इस दौरान अमेरिकी वायुसेना की पैसिफिक एयर फोर्सेज (PACAF) के कमांडर भी उनके साथ मौजूद रहे। वायुसेना प्रमुख की इस टिप्पणी से स्पष्ट हुआ कि F-35 की बिक्री को लेकर फिलहाल भारत को अमेरिका की ओर से कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं मिला है।

Su-57 पर अभी अंतिम फैसला नहीं

रूस के Su-57 लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाने की संभावनाओं पर एपी सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रूस ने इस विमान को लेकर प्रस्ताव दिया है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि विमान का मूल्यांकन किया जाएगा या नहीं। उन्होंने कहा, "एक बार जब (सरकार द्वारा) हमें निर्णय बता दिया जाएगा, तो हम मूल्यांकन करेंगे कि यह (Su-57) हमारी आवश्यकताओं को कितनी अच्छी तरह पूरा करता है।"

सरकार के स्तर पर निर्णय लिया जाना बाकी

वायुसेना प्रमुख के बयान से साफ है कि Su-57 को लेकर किसी भी संभावित खरीद से पहले सरकार के स्तर पर निर्णय लिया जाना बाकी है। इसके बाद ही भारतीय वायुसेना अपनी परिचालन जरूरतों के हिसाब से विमान की क्षमताओं का आकलन करेगी।

पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान के विकास पर काम

ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब भारत अपने भविष्य के लड़ाकू विमानों की आवश्यकताओं का आकलन कर रहा है। रक्षा निर्माण में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की अपनी दीर्घकालिक योजनाओं के तहत पांचवीं पीढ़ी के अपने लड़ाकू विमान के विकास पर काम कर रहा है।

बता दें कि जोधपुर में हो रहे 'तरंग शक्ति-2026' ने भारतीय वायु सेना और आठ देशों (भारत सहित) की भाग लेने वाली विदेशी वायु सेनाओं को एक साथ लाया, जिससे परिचालन सहयोग और पेशेवर अनुभव के आदान-प्रदान के लिए एक मंच मिला। (पीटीआई के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले के मामले की जांच करेगी NIA, जानिए किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।