1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शादी के 6 महीने बाद ही उजड़ गया परिवार, तेज रफ्तार कार ने पति-पत्नी को कुचला

शादी के 6 महीने बाद ही उजड़ गया परिवार, तेज रफ्तार कार ने पति-पत्नी को कुचला

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 08, 2026 10:49 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 10:49 pm IST

राजस्थान के भीलवाड़ा में नेशनल हाईवे 27 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार नवविवाहित पति-पत्नी को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी शादी महज 6 महीने पहले अप्रैल में हुई थी।

Bhilwara Road Accident, Bijolia Road Accident, Rajasthan Road Accident- India TV Hindi
भीलवाड़ा में रोड एक्सीडेंट में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • नेशनल हाईवे 27 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मारी।
  • हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत, पत्नी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं।
  • कार चालक भी घायल हुआ, एयरबैग खुलने से उसकी जान बचने की बात सामने आई।

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया क्षेत्र में गुरुवार शाम नेशनल हाईवे 27 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। किशन निवास चौराहे के पास तेज रफ्तार हुंडई कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिजोलिया थाना प्रभारी स्वागत पड्या पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को बिजोलिया अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।

स्कूल से पत्नी को लेकर घर लौट रहा था पति

बिजोलिया थाना प्रभारी स्वागत पड्या के मुताबिक, कार चालक बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर राजेश मीणा और उनकी पत्नी राम माला मीणा सवार थे। दोनों बूंदी जिले के तालेड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

अप्रैल में हुई थी राजेश और राम माला की शादी

मृतकों की पहचान 35 साल के राजेश मीणा पुत्र सोजी राम मीणा और उनकी पत्नी राम माला मीणा के रूप में हुई है। दोनों की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। शादी के बाद दोनों बिजोलिया में ही रह रहे थे। राम माला गणेशपुरा के एक स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थीं। वहीं, राजेश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार और परिचितों के मुताबिक, दोनों की जिंदगी सामान्य तरीके से चल रही थी।

रोज पत्नी को स्कूल छोड़ने जाता था राजेश

राजेश रोज अपनी पत्नी राम माला को स्कूल छोड़ने और लेने जाता था। गुरुवार को भी वह पत्नी को स्कूल से लेकर बाइक पर घर लौट रहा था। दोनों किशन निवास चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में कार चालक भी हुआ घायल

थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। हालांकि, कार के एयरबैग खुलने के कारण उसे गंभीर नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में कार के तेज रफ्तार होने और ओवरटेक करने के दौरान बाइक से टक्कर की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। हाल ही में झुंझुनूं में एक ट्रक की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। ब्रेकर पर स्लो होते ही ट्रक ने कार में मारी जोरदार टक्कर मार दी थी। (इनपुट: सोमदत्त त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें: राजस्थान के राजसमंद में गणपति विसर्जन के दौरान चार लोगों की मौत, कई घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।