1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या की, खुद का गला भी चाकू से काटने की कोशिश, बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास की घटना

शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या की, खुद का गला भी चाकू से काटने की कोशिश, बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास की घटना

बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास एक होटल में ऐसी घटना घटी, जिससे कोहराम मच गया। होटल के रूम में एक शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। शख्स ने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की लेकिन उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

Bengaluru- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या की

बेंगलुरू: बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास एक होटल से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी दो बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने हत्यारे पिता को कस्टडी में ले लिया है, आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

बेंगलुरू नार्थ ईस्ट डिविजन के DCP ने बताया कि नागवारा के रहने वाले 40 साल के इमरान ने अपनी बेटियों की हत्या करने के बाद चाकू से अपना गला काटकर खुदकुशी करने की कोशिश की, शोर सुनकर सिक्योरिटी गार्ड होटल के कमरे के अंदर गया। खून से लथपथ इमरान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

हत्या और खुदकुशी की असली वजह अभी पता नहीं चल पाई है, पुलिस जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 10 साल की जोया और 5 साल के जीहर के रूप में हुई है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, इमरान एक प्राइवेट कैब कंपनी में मैनेजर था और नागवारा मेन रोड के पास बिलालनगर में रहता था। वह रविवार शाम करीब 7.30 बजे होटल के चौथे मंज़िल पर बने एक कमरे में रुका था। होटल स्टाफ के अनुसार, इमरान ने कहा था कि वह कमरा इसलिए ले रहा है क्योंकि उसे दुबई से आने वाले एक मेहमान को रिसीव करना है जो रविवार आधी रात के बाद पहुंचेगा। उसने होटल स्टाफ से कहा था कि वह सोमवार सुबह चेक-आउट कर लेगा।

हालांकि, जांच अधिकारी ने बताया कि इमरान ने आज सुबह चेक-आउट नहीं  किया। पुलिस ने कहा, "दोपहर 12.30 बजे हाउसकीपिंग स्टाफ ने दरवाज़ा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम 4.30 बजे उन्होंने फिर खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई रेस्पॉन्स नहीं मिला। शाम करीब साढ़े पांच बजे होटल के मैनेजर ने डुप्लिकेट चाबी से दरवाजा खोला।"
 
मैनेजर ने पुलिस को बताया कि बच्चियां बिस्तर के पास मृत पड़ी थीं और इमरान, जिसका गला कटा हुआ था, सोफे के पास पड़ा था। तुरंत एम्बुलेंस बुलाई गई और तीनों को पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। 

पुलिस ने बताया, "हालांकि, वहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। इमरान का अभी भी इलाज चल रहा है।"

नॉर्थ-ईस्ट डिवीज़न के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस, मिथुन कुमार GK ने कहा, "शाम को हमें होटल के सिक्योरिटी मैनेजर का फोन आया जिसमें दो बच्चियों की संदिग्ध मौत और एक आदमी के जिंदगी-मौत से जूझने की जानकारी दी गई।"

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है और पुलिस को शक है कि इसे इमरान ने ही लिखा था। सुसाइड नोट में लिखा गया है कि मैं अपनी पत्नी के एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की वजह से जिंदगी से तंग आ चुका हूं। मेरे पास उसके अफेयर को साबित करने के सबूत हैं। उसने मुझे दुख पहुंचाया है। मैं अपनी बेटियों को अपने साथ ले जा रहा हूं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

इससे पहले मध्य प्रदेश के सीधी में बेटी की हत्या के मामले में मां गिरफ्तार हुई थी।

ये भी पढ़ें-

नशे में पिता ने की बेटे की हत्या, पैसे नहीं देने पर लकड़ी से हमला कर ली जान

Latest Crime News