A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दूध में नशे की गोलियां मिलाकर पत्नी को किया बेहोश, फिर घोंट दिया गला, शव को बोरे में भरकर ई-रिक्शा से कुएं में फेंक आया

दूध में नशे की गोलियां मिलाकर पत्नी को किया बेहोश, फिर घोंट दिया गला, शव को बोरे में भरकर ई-रिक्शा से कुएं में फेंक आया

हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में लापता महिला का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। पति ने पुलिस सहित मृतका के परिजनों को गुमराह करने के लिए उसकी गुमशुदगी भी थाने पहुंचकर दर्ज करवाई थी।

hapur husband killed wife- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका का शव कुएं से बरामद किया गया।

यूपी के जनपद हापुड़ में सिंभावली थाना क्षेत्र में आज सुबह पुलिस द्वारा एक कुएं से एक महिला का शव बरामद किया गया है। महिला के हाथ-पैर और मुंह बांधकर एक बोरे में बंद करके उसकी हत्या करने के बाद शव को कुएं के अंदर छिपा दिया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति द्वारा पुलिस सहित मृतका के परिजनों को गुमराह करने के लिए उसकी गुमशुदगी भी थाने पहुंचकर दर्ज करवाई गई। महिला के परिजनों को यह बताया गया कि उनकी बेटी बिना बताए घर से भाग गई है। लेकिन पुलिस ने हत्या के मास्टरमाइंड पति की पूरी साजिश का कुछ ही समय में पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी साजिश की परते खोल दी। इसके बाद पति की निशानदेही पर गांव के अंदर बने एक कुएं के अंदर से सीढ़ी लगाकर महिला के शव को आज (तड़के) सुबह करीब 4 बजे कुएं से बरामद किया गया है।

15 साल पहले हुई थी शादी

जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव वेट में मेरठ के गांव अजराड़ा गांव की रहने वाली महिला गुलशन प्रवीण की शादी मोहम्मद आजाद से करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। दंपति के  4 बच्चे हैं जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। मृतका के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लड़ाई झगड़ा हो रहे थे। पत्नी गुलशन प्रवीण के साथ अक्सर पति मोहम्मद आजाद द्वारा मारपीट की जाती थी।

पति नहीं करता था काम, आर्थिक तंगी से परेशान पत्नी करना चाहती थी नौकरी

आरोप है कि मोहम्मद आजाद कोई काम नहीं करता था जिससे घर में आर्थिक तंगी से परेशान पत्नी ने अपने पति से खुद बाहर जाकर नौकरी करने की बात कही थी। जिसको लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था।  कुछ समय से दोनों में विवाद चल रहा था और जिसको लेकर आरोपी पति ने अपनी पत्नी से कई बार मारपीट की थी। इसी दौरान एक महीने पहले ही यह विवाद महिला थाने तक जा पहुंचा था जहां अपने बच्चों की खातिर मृतक महिला ने अपने पति से समझौता करते हुए घर वापस जाने का फैसला किया था। 

मृतका के परिजनों को गुमराह करता रहा पति

परिजनों ने बताया कि 16 सितंबर को लड़की के भाई पर आरोपी ने फोन करके उनकी मां से बात की थी जिसमें उन्होंने जानकारी दी कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। जब परिजन इस खबर को सुनने के बाद जनपद हापुड़ के गांव में अपनी बेटी के घर पहुंचे तोआरोपी द्वारा उन्हें गुमराह करते हुए कहा गया कि उनकी बेटी कहीं भाग गई है। पति द्वारा पुलिस को भी गुमराह करने के लिए पत्नी की हत्या करने के बाद थाने में जाकर अपनी पत्नी की गुमशुदगी भी दर्ज करवाई गई। 

शव को कुएं में छुपाया, ऊपर से डाल दी मिट्टी

परिजनों के हापुड़ पहुंचने के बाद आरोपी पति पर मृतका के परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने भी स्थानीय पुलिस में शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी पति को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी पति द्वारा अपना जुर्म कबूल कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी को पहले नशे की गोलियां खिलाकर उसे बेहोश किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी के शव के हाथ पैर और मुंह रस्सी बांध दिया। इसके बाद शव को प्लास्टिक के कट्टे में बंद करके गांव के जंगल में बने एक कुएं के अंदर करीब 15 फीट नीचे छुपा दिया और ऊपर से मिट्टी व लकड़ी आदि डालकर उसको ढक दिया। 

आसपास के CCTV कैमरे कर दिए बंद

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हत्या करने के समय साजिश के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए। पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपी द्वारा अपना जुर्म कबूल किया गया और मृतक महिला के परिजनों की मौजूदगी में ही गांव के अंदर बने एक जंगल में जाकर कुएं से महिला के शव को बरामद किया गया।

दोस्त की मदद से शव को कुएं तक ई-रिक्शा में ले जाया गया 

मृतक महिला के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है मृतका के भाई द्वारा इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी पति द्वारा अपने एक दोस्त की मदद से शव को कुएं तक एक ई रिक्शा में ले जाया गया था जो इस घटना में सह अभियुक्त है जिसकी पुलिस द्वारा अभी तलाश की जा रही है। परिजनों द्वारा दी गई शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: पहले कुत्ते की हत्या की, फिर आंख निकालकर गोटी खेलने लगा शख्स; मुंबई में दिल दहला देने वाली घटना

पंखे से झूलकर महिला ने की आत्महत्या, लिव-इन पार्टनर ने पुलिस को बिना बताए माता-पिता के घर ले गया शव

Latest Crime News