हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक पिता द्वारा अपने 6 साल के बेटे को रावी नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही ASP चंबा दिनेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस और स्थानीय लोग नदी के किनारे-किनारे बच्चे की तलाश कर रहे हैं। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बच्चे की तलाश जारी है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
घटना चंबा-पठानकोट मार्ग पर स्थित परेल पुल की है। पत्नी से फोन पर हुई नोकझोंक के बाद सोमवार रात एक व्यक्ति ने अपने 6 वर्षीय बेटे को रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह खुद ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लापता बच्चे की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में सर्च अभियान चला रही हैं।
एक महीने से मायके में रह रही पत्नी
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय हितेश कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूंई, डाकघर कियाणी सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई। हितेश की पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में साढ़े तीन वर्षीय छोटे बेटे के साथ रह रही है, जबकि छह वर्षीय बड़ा बेटा पिता के साथ परेल में रह रहा था।
Image Source : reporter inputपुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में सर्च अभियान चला रही हैं।
रात को बेटे को नदी में फेंका, सुबह खुद दी सूचना
पुलिस के मुताबिक बहसबाजी के बाद हितेश अपने बेटे गगनदीप को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और उसे रावी नदी में फेंक दिया। मंगलवार सुबह उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। शुरुआत में पुलिस को उसकी बात पर संदेह हुआ, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच की तो बच्चा क्वार्टर से लापता मिला। इसके बाद पुलिस ने हितेश को गिरफ्तार कर लिया और नदी में बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
वारदात की वजह क्या?
हितेश पिछले करीब एक वर्ष से परेल में किराये के कमरे में रह रहा था। पहले वह बद्दी की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वर्तमान में घर में दिहाड़ी-मजदूरी करने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच ऐसी क्या बात हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने बेटे को नदी में फेंक दिया।
SP चंबा ने क्या कहा?
खबर लिखे जाने तक बच्चे का पता नहीं चल पाया था। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में लगातार तलाश कर रही थीं। एक व्यक्ति ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर अपने बेटे को नदी में फेंकने की सूचना दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और लापता बच्चे की तलाश जारी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
वहीं, आपको बता दें कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिले के दुर्गापुर में एक पिता ने अपने ही दो बेटों पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिसमें 7 वर्षीय बेटे देवांश की मौत हो गई है। दूसरा बेटा, 12 वर्षीय सुशांत अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
(रिपोर्ट- सुभाष महाजन)
यह भी पढ़ें-
'पापा ने कहा- आज कहानी खत्म कर दूंगा', बैंककर्मी ने 9 साल के बेटे के सामने टीचर पत्नी को मार दी गोली
शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या की, खुद भी सुसाइड की कोशिश की, बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास की घटना
Latest Crime News