1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 10 लाख के बीमा के लिए पति ने रचा इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला षडयंत्र, 6 महीने पहले हुई थी शादी

10 लाख के बीमा के लिए पति ने रचा इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला षडयंत्र, 6 महीने पहले हुई थी शादी

शख्स ने पैसों के लालच में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या को छिपाने के लिए उसने सड़क दुर्घटना की झूठी कहानी रची। लेकिन पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ ने सच्चाई सामने ला दी।

jhunjhunu husband killed wife- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मृतका कृष्णा सैनी और आरोपी पति सहीराम।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में नवलगढ़ कस्बे से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक शख्स ने पैसों के लालच में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या को छिपाने के लिए उसने सड़क दुर्घटना की झूठी कहानी रची। लेकिन पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ ने सच्चाई सामने ला दी।

हत्या का नृशंस तरीका: पत्थर से सिर कुचलकर ली जान

पुलिस के अनुसार, आरोपी सहीराम ने अपनी पत्नी कृष्णा सैनी को मौत के घाट उतारने के लिए पहले से योजना बनाई थी। 6 महीने पहले ही इनकी शादी हुई थी और 13 मई 2025 की रात को उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर पत्नी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए झूठी कहानी रची। पुलिस की जांच, घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और शव की हालत ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए।

हत्या का मकसद- 10 लाख का बीमा क्लेम

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस जघन्य अपराध के पीछे का मकसद 10 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करना था। आरोपी पति ने इस धनराशि को पाने के लिए न सिर्फ अपनी पत्नी की हत्या की, बल्कि पूरे मामले को दुर्घटना का रूप देकर पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की।

डिप्टी एसपी राजवीर सिंह और सीआई सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों में विरोधाभास देखकर पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी। तकनीकी सबूत, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल के विश्लेषण से हत्या की योजना का पर्दाफाश हुआ।

5 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी सहीराम सहित सचिन कुमावत, मुकेश कुमार, प्रदीप सिंह और राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो इस अपराध में संलिप्त थे। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और पुलिस अब आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश के और पहलुओं को उजागर किया जा सके।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

टैक्सी ड्राइवरों की हत्या कर मगरमच्छों को खिलाता था लाशें, हैरान कर देगी 'डॉक्टर डेथ' की कहानी, ऐसे पकड़ा गया

सड़क किनारे पड़ी मिली जिस बच्ची को नाजों से पाला, उसी ने मां का घोंट दिया गला, पढ़ें मर्डर की खौफनाक वारदात

Latest Crime News