करनाल के धौलगढ़ गांव में 16 वर्षीय छात्र और उभरते क्रिकेट खिलाड़ी प्रतीक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात की जड़ एक लड़की से जुड़ा प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दलजीत को शक था कि प्रतीक उसके प्रेम संबंधों के बीच आ रहा है। इसी रंजिश ने ऐसी खौफनाक साजिश को जन्म दिया, जिसमें परिवार के इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मंदिर से लौटते वक्त घात लगाकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन प्रतीक उचाना स्थित हनुमान मंदिर से प्रसाद लेकर बाइक पर अपने गांव धौलगढ़ लौट रहा था। रास्ते में खेतों के पास पहले से घात लगाए बैठे दलजीत और उसके दो नाबालिग साथियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण प्रतीक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया।
Image Source : reporter inputमृतक प्रतीक की फाइल फोटो।
कुछ महीने पहले भी हुआ था विवाद
डीएसपी संदीप कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने सीआईए-1, सीआईए-2 और सदर थाना की संयुक्त टीम बनाकर मामले की गहन जांच की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि दलजीत व स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा के बीच दोस्ती और प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार, प्रतीक का नाम भी इस मामले में जुड़ गया था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कुछ महीने पहले विवाद भी हुआ था। उसी रंजिश को आरोपी ने मन में रख लिया और हत्या की साजिश रच डाली।
12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 10 से 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दलजीत और उसके दो नाबालिग साथियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Image Source : reporter inputघटनास्थल पर पड़ी प्रतीक की बाइक।
रिमांड पर मुख्य आरोपी, हथियारों की होगी बरामदगी
डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी दलजीत को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, लाठी-डंडे और अन्य हथियार बरामद किए जाएंगे। वहीं दोनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Image Source : reporter inputआरोपी हिरासत में।
एक होनहार खिलाड़ी का अधूरा सपना
प्रतीक सिर्फ 16 साल का था और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बेहद प्रतिभाशाली माना जाता था। इसी वर्ष मई में उसने राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन एक रंजिश ने उन सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। अब गांव और परिवार की एक ही मांग है कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले।
वहीं, आपको बता दें कि ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से ऐसी ही एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 17 साल का लड़का 10वीं मंजिल से गिर गया। वह गर्लफ्रेंड की मां से बचने के लिए पाइप पर लटका था।
(रिपोर्ट- अमित भटनागर)
यह भी पढ़ें-
नौकरानी को थार से कुचलने का CCTV भी आया सामने, उतरकर देखा, मर गई तो लाश पार्किंग में फेंककर भाग गई मालकिन
'तुम अभी भी जिंदा हो?' अस्पताल के बेड पर पत्नी को देख बौखला गया पति, पेट में घोंपा चाकू; मौके पर ही मौत
Latest Crime News