1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्यार में पड़ा 17 साल का लड़का 10वीं मंजिल से गिरा, गर्लफ्रेंड की मां से बचने के लिए पाइप पर लटका था

प्यार में पड़ा 17 साल का लड़का 10वीं मंजिल से गिरा, गर्लफ्रेंड की मां से बचने के लिए पाइप पर लटका था

 Published : Jul 15, 2026 08:01 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 08:01 pm IST

मृतक भुवनेश्वर के एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। कुछ देर बाद लड़की की मां अचानक घर पहुंच गईं, जिन्हें देखकर छात्र घबरा गया था। उनसे छिपने की कोशिश में यह दर्दनाक हादसा हुआ।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FREEPIK

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र के एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में 11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र अपनी दोस्त के घर उससे मिलने गया था। उसी दौरान लड़की की मां अचानक घर लौट आईं। घबराहट में छात्र ने खुद को छिपाने की कोशिश की, लेकिन यही कोशिश उसकी जान पर भारी पड़ गई।

मृतक की पहचान रफान खुर्शीद के रूप में हुई है। वह भुवनेश्वर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

मां के अचानक घर आने पर घबराया छात्र

जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन रफान अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। उस समय लड़की घर में अकेली थी। कुछ देर बाद लड़की की मां अचानक घर पहुंच गईं। उन्हें देखकर रफान घबरा गया और पहले बाथरूम में छिप गया। लेकिन जब उसे लगा कि वह वहां पकड़ा जा सकता है, तो उसने बाथरूम से निकलकर बिल्डिंग के डक्ट यार्ड में मौजूद पाइप के सहारे बाहर लटककर छिपने की कोशिश की।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि रफान करीब 10वीं मंजिल की ऊंचाई पर पाइप पकड़कर कई मिनट तक लटका रहा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

दुर्घटना या और कोई वजह?

पुलिस ने लड़की और उसके परिवार से भी पूछताछ की है। अभी जांच जारी है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को अस्वाभाविक मौत  के रूप में दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।

बता दें कि कर्नाटक के बेंगलुरु में भी ऐसा ही एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था जहां बॉयफ्रेंड से दुखी होकर युवती इमोशनल रील बना रही थी। लेकिन पैर फिसलने से 13वीं मंजिल से गिरकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें-

अपनी उम्र से बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था शादाब, सोती रही प्रेमिका, फांसी पर झूल गया प्रेमी

गर्लफ्रेंड संग होटल पहुंचा युवक, पीछे-पीछे पहुंची पत्नी, आव देखा ना ताव, पति की बीच सड़क जमकर की धुनाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत