1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. स्कूल में छात्रा से यौन उत्पीड़न, आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ FIR, किसी को नहीं बताने की दी थी धमकी

स्कूल में छात्रा से यौन उत्पीड़न, आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ FIR, किसी को नहीं बताने की दी थी धमकी

स्कूल में 9वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि 26 सितंबर को स्कूल के प्रिंसिपल ईश्वर रेड्डी ने मेडिसिन रूम में छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया।

स्कूल का प्रिंसिपल ईश्वर रेड्डी- India TV Hindi
Image Source : REPORT स्कूल का प्रिंसिपल ईश्वर रेड्डी

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के शिदलघट्टा तालुका के गोरलुम्मनहल्ली गांव में 11वें मील पर स्थित मोरारजी देसाई मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल की 9वीं कक्षा की 15 साल की छात्रा के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। स्कूल के प्रिंसिपल ईश्वर रेड्डी को आरोपी बनाते हुए FIR दर्ज की गई है।

मेडिसिन रूम में हुई घटना

छात्रा के बयान के अनुसार, यह घटना 26 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब वह स्कूल के दवा कक्ष (मेडिसिन रूम) में थी। छात्रा के बयान के मुताबिक, वह छठी कक्षा के एक बीमार छात्र को दवा देने गई थी। उसने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने उसे कमरे में बुलाया, गलत व्यवहार किया और उसका यौन उत्पीड़न किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी।

माता-पिता ने पुलिस से किया संपर्क

घटना के बाद, छात्रा ने कथित तौर पर अपने सहपाठियों को बताया, जिन्होंने बाद में शिक्षकों और उसके माता-पिता को सूचित किया। FIR के अनुसार, माता-पिता 27 सितंबर को स्कूल गए, घटना के बारे में पता चला और उसके बाद पुलिस से संपर्क किया। 28 सितंबर को चिकबल्लापुर में बाल कल्याण से जुड़े अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रा का बयान दर्ज किया गया। शिदलाघट्टा तालुक की डिब्बुराहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीते दिनों एक ऐसी ही घटना दिल्ली से सामने आई। यहां एक छठी क्लास में पढ़ने वाली छात्रा के साथ अधेड़ उम्र के शख्स ने बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद किशोरी का यौन उत्पीड़न

बीते दिनों चेन्नई के बाहरी इलाके में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर एक 16 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया। तांबरम महिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के महज एक घंटे के भीतर 19 वर्षीय आरोपी जे. मुत्तुसामी को गिरफ्तार कर उसे रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को ओल्ड नल्लूर के पास एक कृषि क्षेत्र में ले जाकर इस घटना को अंजाम दिया था।

वहीं, इस घटना से जुड़ी एक अन्य अफवाह पर स्पष्टीकरण देते हुए पुलिस ने कहा कि इसका संबंध कांडिगाई गांव के एक सरकारी स्कूल में बच्चों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से नहीं है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि घटना स्कूल परिसर में हुई थी और साथ ही चेतावनी दी है कि बिना पुष्टि के ऐसी अप्रमाणित जानकारी को आगे न फैलाया जाए।

ये भी पढ़ें-

जम्मू-कश्मीर के कठुआ से बड़ी खबर, फायरिंग की घटना में CISF के 4 जवानों की मौत

VIDEO: कैफे में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ बवाल, मारपीट और महिलाओं से बदसलूकी का आरोप

Latest Crime News