1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बेंगलुरु में किराए को लेकर विवाद के बाद मकान मालिक की हत्या, डिलीवरी बॉय थे दोनों आरोपी

बेंगलुरु में किराए को लेकर विवाद के बाद मकान मालिक की हत्या, डिलीवरी बॉय थे दोनों आरोपी

बेंगलुरु में एक व्यक्ति की किराए को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या कर दी गई। दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते थे और घटना से पहले उनकी मकान मालिक से किराए को लेकर बहस हुई थी।

किराए के विवाद को लेकर हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT किराए के विवाद को लेकर हत्या।

बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड पुलिस थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पट्टंदुर अग्रहारा में, देर रात एक 42 वर्षीय मंजूनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक मंजूनाथ पेशे से वकील थे। आरोप है कि यह हत्या उनके दो किराएदारों ने की है। मंजूनाथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे।

डिलीवरी एजेंट का काम करते थे दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, यह हत्या रात 11:30 बजे से आधी रात के बीच हुई। दोनों आरोपी, एक फूड डिलीवरी ऐप के लिए डिलीवरी एजेंट के तौर पर काम करते थे। ये दोनों मंजूनाथ की प्रॉपर्टी में किराएदार के रूप में रह रहे थे। 

किराए को लेकर मकान मालिक से हुई थी बहस

शुरुआती जांच से पता चला है कि गोलीबारी से लगभग एक घंटा पहले, किराए के बकाये को लेकर मकान मालिक और दोनों किराएदारों के बीच तीखी बहस हुई थी। आधी रात के करीब यह विवाद और बढ़ गया, जब दोनों आरोपियों ने फिर से मंजूनाथ का सामना किया। इस दौरान एक आरोपी ने बंदूक निकाली और सीधे उनके सिर में गोली मार दी।

घटना के बाद दोनों आरोपी फरार

गोली मारने के तुरंत बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल व्हाइटफील्ड थाने के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

स्कूल के जूते को लेकर हत्या

वहीं एक अन्य घटना में दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक स्कूल के निर्धारित जूते पहनने को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद 12वीं के छात्र पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन नाबालिगों और दो वयस्कों समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें से तीन उसी स्कूल के छात्र हैं। 

पुलिस ने बताया कि घटना 14 अक्टूबर को हुई। शाम करीब 6.10 बजे मोहन गार्डन स्थित एक सरकारी स्कूल के पास चाकू से हमला किए जाने के संबंध में पुलिस को एक कॉल आई। मोहन गार्डन का रहने वाला पीड़ित छात्र चाकू लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तारक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें-

नालासोपारा में मामूली विवाद को लेकर नाबालिगों के बीच हुई मारपीट, सिर में चोट लगने से एक नाबालिग की मौत

Latest Crime News