मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 6 और 9 साल के दो नाबालिग भाइयों की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। दोनों के शव बुधवार को एक जंगल में बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों बच्चों की गला रेतकर हत्या की गई है और फिर उनके शवों को जंगल में फेंक दिया गया। आइए जानते हैं कि इस घटना के बारे में अब तक क्या कुछ पता लगा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जंगल में जिन बच्चों के शव बरामद किए गए हैं वह मंगलवार की शाम से लापता थे। वे कोतवाली पुलिस थाने के अंतर्गत सिवनी शहर के सुभाष वार्ड इलाके से गायब हुए थे। पुलिस ने बताया है कि दोनों बच्चों के शवों को एक दिन बाद जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर सिवनी-कटंगी (बालाघाट जिला) मार्ग पर अंबामई जंगल में 3 किलोमीटर भीतर बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों की हत्या किए जाने के बाद उनके शवों को पत्थरों से ढंक दिया गया था।
मां ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस अधीक्षक ने भी इस घटना के बारे में जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा है कि पीड़ित बच्चों की मां ने कोतवाली पुलिस स्टेशन में अपने बेटों की गुमशुदगी के साथ-साथ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। तलाशी के दौरान संदिग्ध से पूछताछ के बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बच्चों के शवों को बरामद किया।
पुलिस ने अब तक क्या-क्या किया?
पुलिस ने कहा है कि उन्होंने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जंगल में जिस जगह पर शव बरामद किए गए थे उस जगह पर एक श्वान दस्ते और फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया है। हत्या से संबंधित सबूत इकट्ठा किए गए हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- शराब और नाइट पार्टी की शौकीन मां ने 7 साल की बेटी को दी ऐसी मौत, सुनकर रूह कांप जाएगी
7 साल की मासूम से रेप, ई-रिक्शा पर घुमाने के बहाने ले गया पड़ोसी, चीखें सुन दौड़े-दौड़े आए लोग
Latest Crime News