1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराब और नाइट पार्टी की शौकीन मां ने 7 साल की बेटी को दी ऐसी मौत, सुनकर रूह कांप जाएगी

शराब और नाइट पार्टी की शौकीन मां ने 7 साल की बेटी को दी ऐसी मौत, सुनकर रूह कांप जाएगी

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 16, 2025 09:07 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 09:07 pm IST

यूपी के लखनऊ में एक रूह को कंपा देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी ही बेटी को बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बेरहमी से मार डाला। उसके बाद वह रात भर पार्टी मनाती रही। जानिए फिर क्या हुआ?

मां ने सात साल की बेटी को मार डाला- India TV Hindi
मां ने सात साल की बेटी को मार डाला Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश में एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर कथित तौर पर अपनी सात साल की बेटी की हत्या कर दी। फिर उसने बच्ची के शव को बेड बॉक्स में रखा और अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमने निकल गई। आरोपी महिला ने बेटी का शव 24 घंटे तक यूं ही घर पर ही छोड़ दिया और हुसैनगंज इलाके के एक होटल में गई और उससे पहले कई जगहों पर शराब पार्टी भी की। महिला इतनी जल्लाद थी कि घर से निकलने से पहले उसने बच्ची के शव पर पैर रखकर उसके ऊपर चढ़ गई थी।

मां ने बेरहमी से बेटी की हत्या की

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया, "आरोपी महिला का नाम रोशनी खान उर्फ नाज़ है, उसने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बच्ची की निर्मम हत्या कर दी। महिला ने अपनी ही बच्ची के शरीर पर पैर रखा और उसके लिव-इन पार्टनर ने बच्ची का मुंह दबा दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई।" यह चौंकाने वाली घटना 13-14 जुलाई की रात को लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र के खुंदरी बाजार में हुई।

जानकारी के मुताबिक बच्ची अपने पिता के साथ रहने की ज़िद कर रही थी तो रोशनी और उसके लिव-इन पार्टनर उदित ने कथित तौर पर पहले उसकी पिटाई की और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिर दोनों ने बच्ची के शव को बेड बॉक्स में ठूंस दिया। उसके बाद दोनों घर से निकल गए और घूमते रहे, रातभर कई जगहों पर पार्टी करते रहे। सुबह वापस घर लौटने पर, रोशनी ने बच्ची के शव से निकल रही   दुर्गंध को एयर फ्रेशनर और एयर कंडीशनिंग से मिटाने की कोशिश की। फिर उसने 112 नंबर पर कॉल किया और कहा, "उससे अलग रह रहा उसका पति शाहरूख खान घर पर आया था और उसकी बेटी की हत्या करने के बाद भाग गया।"

पति को फंसाना चाहती थी

जब पुलिस वहां पहुंची तो जांच के दौरान रोशनी के बयान में विरोधाभास सामने आया। फिर पुलिस ने सीसीटीवी, सीडीआर खंगाले और गवाहों के बयान लिए तो उसकी बात झूठी साबित हुई। जिसके बाद पुलिस ने रोशनी और उदित को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने आगे बताया कि बच्ची अपनी मां के अवैध संबंधों के खिलाफ थी और अपने पिता शाहरुख के साथ रहना चाहती थी। बच्ची की हत्या का मकसद पति को मामले में फंसाना था क्योंकि उसने पहले भी अपने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। रोशनी जिस घर में रहती है, वह भी उसके पति शाहरुख का है, जिसे वह हड़पना चाहती थी।

शराब और डांस पार्टी की शौकीन थी मां

रोशनी, जो पहले दिल्ली के क्लबों में डांस करती थी, शाहरुख से शादी के बाद लखनऊ के नाइट क्लबों में अक्सर जाने लगी थी। लगभग चार साल पहले, एक क्लब में उसकी मुलाकातउदित से हुई थी। उदित ने बताया कि वह उसके डांस को देखकर उसकी ओर आकर्षित हो गया था।

रोशनी के पड़ोसियों  ने कहा, "उसे शराब और पार्टी करने का इतना शौक था कि वह अपने परिवार की आपत्तियों के बावजूद क्लबों में जाती थी। वह कभी-कभी बाहर जाते समय अपनी बेटी को घर के अंदर बंद कर देती थी। वह अक्सर देर रात नशे में धुत दोस्तों के साथ लौटती थी, जिससे मोहल्ले में हंगामा मच जाता था। वह पड़ोसियों से कम ही मिलती-जुलती थी लेकिन सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय थी। वह अक्सर इंस्टाग्राम पर पार्टियों के डांस रील और वीडियो पोस्ट करती थी, और अक्सर उसे हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ देखा जाता था।"

बेटी को दी ऐसी खौफनाक मौत

रोशनी की 18 मई को अपने पति के साथ मारपीट हुई थी और उसने उसे घर से निकाल दिया था। वह किराए के मकान में रहता था और वारदात वाले दिन घटनास्थल पर आया ही नहीं था, वह अपनी बहन के घर पर था। जब पुलिस ने बच्ची के शव को देखा, तो उसमें से बदबू आ रही थी और कीड़े लगे हुए थे, जिससे पता चलता है कि हत्या एक-दो दिन पहले हुई थी। रोशनी का प्रेमी उदित जायसवाल पुलिस पूछताछ में टूट गया और उसने सच उगल दिया। शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।