1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मोबाइल पर गेम खेलते-खेलते गला काट लिया? घर में खून से लथपथ मिला युवक का शव, परिजन सदमे में

मोबाइल पर गेम खेलते-खेलते गला काट लिया? घर में खून से लथपथ मिला युवक का शव, परिजन सदमे में

लातूर में एक युवक के सुसाइड करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। युवक ने अपने लिविंग रूम में धारदार हथियार से गला काटकर अपनी जान दे दी। युवक को खून से लथपथ देखकर परिवार वाले हैरान रह गए।

मृतक की फाइल फोटो।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक की फाइल फोटो।

महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगीर तहसील के मालेवाड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने धारदार हथियार से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही उदगीर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ज्यादा खून बहने से युवक की मौके पर ही मौत

मिली जानकारी के मुताबिक, यह चौंकाने वाली घटना लातूर के उदगीर तालुका के मालेगांव में हुई। सुसाइड करने वाले युवक का नाम अंबादास माधवराव घांट था। यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े 7 बजे हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अंबादास ने धारदार हथियार से अपना गला रेतकर सुसाइड कर लिया। इस घटना में ज्यादा खून बहने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही उदगीर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही घर का दरवाजा खोला गया, युवक की बॉडी खून से लथपथ मिली।

मोबाइल पर गेम खेलता रहता था अंबादास

मृतक के परिजनों का दावा है कि वह लंबे समय से मोबाइल गेमिंग का अत्यधिक आदी था। उनका कहना है कि वह अधिकांश समय मोबाइल पर गेम खेलने में बिताता था और मानसिक रूप से तनाव में भी दिखाई देता था। इसी वजह से उन्होंने आशंका जताई है कि गेमिंग की लत के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।

Image Source : reporter inputघटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

पुलिस की कार्रवाई

हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के पीछे मोबाइल गेमिंग को कारण मानने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है, साथ ही युवक के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा सकती है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

गेमिंग एंगल की जांच

फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ती मोबाइल गेमिंग की लत और उसके संभावित मानसिक प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, इस मामले में गेमिंग की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।

(रिपोर्ट- असिफ पटेल)

यह भी पढ़ें-

गेम का टास्क पूरा करने के लिए लड़के ने 14वीं मंजिल से लगाई छलांग, नोटबुक में लिखा- लॉग आउट

ऑनलाइन गेमिंग की लत, बेटे ने मां को मार डाला, हत्या की ऐसी कहानी सुनी नहीं होगी

Latest Crime News