1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मुजफ्फरपुर में हैवानियत भरी हत्या! मजदूर की दोनों आंखें फोड़ दीं... सुबह दूधवाले ने देखा खौफनाक मंजर; पत्नी और 2 मासूम बच्चे कहां गायब हो गए?

मुजफ्फरपुर में हैवानियत भरी हत्या! मजदूर की दोनों आंखें फोड़ दीं... सुबह दूधवाले ने देखा खौफनाक मंजर; पत्नी और 2 मासूम बच्चे कहां गायब हो गए?

मुजफ्फरपुर में 35 वर्षीय मजदूर उपेंद्र पासवान की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। उसकी दोनों आंखें फोड़ दी। वहीं, हत्या के बाद से उपेंद्र की पत्नी और उसके दोनों बच्चे लापता हैं।

upendra paswan murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक उपेंद्र पासवान की फाइल फोटो।

बिहार के मुजफ्फरपुर एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 स्थित एक किराये के मकान में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर मुस्तफापुर निवासी 35 वर्षीय उपेंद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसकी पत्नी और 2 बच्चे लापता हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

खून से लथपथ शव देख कांप गया दूधवाला

शुक्रवार सुबह दूध देने पहुंचे ग्वाले ने कमरे में उपेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। मजदूर की दोनो आंखों को फोड़ा गया। उसने तुंरत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अहियापुर थानेदार शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि कमरे के अंदर जमीन पर शव पड़ा हुआ था। जांच के दौरान एस्बेस्टस की छत वाले कमरे में साड़ी का फंदा भी बंधा मिला है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फंदा किस परिस्थिति में लगाया गया था और उसका घटना से क्या संबंध है।

आंखें निकालने की कोशिश

मृतक की दोनों आंखों के पास गहरे जख्म मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि आंखें निकालने की भी कोशिश की गई हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Image Source : reporter inputघटनास्थल पर पहुंची पुलिस।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य 

घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया गया। वैज्ञानिकों ने करीब 2 घंटे तक घटनास्थल की बारीकी से जांच कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की भी तलाश कर रही है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

पत्नी और 2 बच्चे कहां गए?

हत्या के बाद से उपेंद्र की पत्नी और उसके दो बच्चे, जिनकी उम्र करीब 6 और 10 वर्ष बताई जा रही है, लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।

ढाई महीने पहले आया था रहने, मकान मालिक ने क्या बताया?

मकान मालिक एवं सेवानिवृत्त सूबेदार शिवशंकर सिंह ने बताया कि उपेंद्र पासवान करीब ढाई महीने पहले ही अपने परिवार के साथ यहां रहने आया था। वह कैंपस के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। उसने 1800 रुपये मासिक किराए पर यह कमरा लिया था।

उपेंद्र का शव देखते ही चीखा दूधवाला

उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभी विवाद होता था, लेकिन किसी गंभीर शिकायत की जानकारी उन्हें नहीं थी। शुक्रवार सुबह रोज की तरह एक व्यक्ति मकान में दूध लेकर पहुंचा। पहले उसने एक अन्य किराएदार को दूध दिया और इसके बाद उपेंद्र के कमरे के दरवाजे पर पहुंचकर आवाज लगाई। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने दरवाजे को धक्का दिया जिसके बाद दरवाजा खुल गया। कमरे के अंदर उपेंद्र का शव देखते ही उसने शोर मचाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।  

पुलिस कर रही जांच

अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि चाणक्यपूरी रोड नंबर 6 में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या और पारिवारिक विवाद समेत हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है। 

वहीं, आपको बता दें कि 2 दिन पहले सुपौल में आंगनबाड़ी केंद्र पर 3 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत हो गई। मां ने आरोप लगाया कि जर्मन शेफर्ड से मासूम को डराया गया था।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

प्यार के लिए रची खुद की हत्या की खौफनाक साजिश, 4 साल पहले मरा युवक जिंदा लौटा

VIDEO: पटना में मामूली विवाद में खूनी खेल, बेटे के सामने पिता की चाकू से गोदकर हत्या, दो हिरासत में

Latest Crime News