1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सरकारी स्कूल में छात्राओं से अश्लील हरकतें करने वाला टीचर अरेस्ट, आरोप लगने के बाद किया गया था सस्पेंड

सरकारी स्कूल में छात्राओं से अश्लील हरकतें करने वाला टीचर अरेस्ट, आरोप लगने के बाद किया गया था सस्पेंड

उमरिया के एक सरकारी स्कूल के टीचर को छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शिक्षा विभाग ने उसे सस्पेंड भी कर दिया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

मध्य प्रदेश में उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के आरोप में फरार चल रहे सहायक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक पुलिस की गिरफ्त से बचकर उमरिया जिले से बाहर भागने की कोशिश में था, तभी पुलिस ने उसे देर रात करीब 2 बजे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, सुलतानपुर स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक पर कुछ छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी उमरिया से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए देर रात करीब 2 बजे आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर मामले में आवश्यक पूछताछ और कानूनी कार्रवाई पूरी की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। छात्राओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

जानें क्या है पूरा मामला

इक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के उमरिया ज़िले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में एक टीचर पर तीन छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप है। अधिकारी के मुताबिक, एक अभिभावक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी टीचर को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया और मानपुर में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के ऑफिस से अटैच कर दिया गया।

शिकायत करने वाले का आरोप है कि टीचर कोमलचंद्र गुप्ता ने 22 अगस्त को चॉकलेट देने के बहाने तीन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाए। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने लड़कियों को धमकी भी दी कि अगर उन्होंने किसी को इस बारे में बताया तो वे उन्हें डंडे से मारेंगे। सुल्तानपुर गांव की एक महिला ने सरकारी प्राइमरी स्कूल के इंचार्ज हेडमास्टर से शिकायत की थी कि असिस्टेंट टीचर कोमलचंद्र गुप्ता ने लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की है। अधिकारी ने बताया कि बाद में हुई जांच में गुप्ता के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए।

ये भी पढ़ेंः शौच के लिए स्कूल परिसर से बाहर गई छात्रा से दुष्कर्म, POCSO एक्ट में मामला दर्ज

रिपोर्टः ब्रजेश श्रीवास्तव

 

Latest Crime News