ओडिशा के नबरंगपुर जिले के तेंतुलीखुंटी थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान कक्षा 9 की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में पीड़िता के परिवार और स्कूल की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में केस नंबर 202/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और कथित आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूल परिसर के बाहर रेप
जानकारी के मुताबिक, घटना 21 अगस्त को तेंतुलीखुंटी थाना क्षेत्र के एक हाई स्कूल में हुई। बताया जा रहा है कि उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। मिड-डे मील के बाद छठे पीरियड के दौरान छात्रा शौच के लिए स्कूल परिसर से बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने छात्रा का मुंह दबा दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसके कपड़े फाड़े गए और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
चाकू दिखाकर छात्रा को धमकाया
पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने छात्रा की गर्दन पर चाकू रखकर उसे धमकाया और छात्रा को धमकी दी गई कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया जाएगा और उसकी हत्या कर दी जाएगी। घटना के बाद छात्रा बेहद डरी हुई हालत में वापस स्कूल पहुंची। उसने स्कूल के एक शिक्षक को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। छात्रा के स्कूल पहुंचने के बाद स्कूल अधिकारियों ने उसकी मदद की और उसके कपड़े बदलवाए। इसके बाद उसके परिवार को घटना की जानकारी दी गई।
आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं
परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। छात्रा की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी ने भी स्थानीय पुलिस चौकी से संपर्क किया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच को लेकर एसडीपीओ कृष्णचंद्र भत्रा ने कहा ,"स्कूल और पीड़िता के परिवार से शिकायत मिलने के बाद दुष्कर्म और POCSO एक्ट के तहत केस नंबर 202/26 दर्ज किया गया है। जांच के दौरान स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।" फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच के अलग-अलग पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इससे पहले यूपी के गाज़ियाबाद में दो नाबालिग लड़कों और 18 साल के एक युवक ने 13 साल की लड़की का अपहरण कर गैंगरेप किया।
ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ेंः शराबी पति ने पत्नी की जीभ दांतों से काटी, कुएं में फेंका; मुख्यमंत्री आवास योजना की रकम पर विवाद