1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराबी पति ने पत्नी की जीभ दांतों से काटी, कुएं में फेंका; मुख्यमंत्री आवास योजना की रकम पर विवाद

शराबी पति ने पत्नी की जीभ दांतों से काटी, कुएं में फेंका; मुख्यमंत्री आवास योजना की रकम पर विवाद

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 26, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 03:21 pm IST

धनबाद में मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त की रकम को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर खौफनाक हमला कर दिया।

crime news- India TV Hindi
पति ने पत्नी की जीभ काटी Image Source : REPORTER INPUT

धनबाद: मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त को लेकर हुए विवाद के बाद शराबी पति ने पत्नी की जीभ दातों से काटकर कुएं में फेंक दी। झारखंड के धनबाद में घटी इस घटना ने सबको चौंका दिया है। यह क्रूर घटना धनबाद के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के बरवाडीह मोहल्ले में हुई। शराब के नशे में पति पर अपनी पत्नी की जीभ दांतों से काटकर उसे घर के पास स्थित कुएं में फेंकने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज एसएनएमएमसीएच धनबाद में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति राजेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पीड़िता की बड़ी बहन ने क्या बताया?

पीड़िता की बड़ी बहन आशा देवी के अनुसार, "मधु की शादी राजेश से लव मैरिज थी। कुछ दिन पहले मधु के बैंक खाते में मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त आई थी। राजेश अक्सर उसी पैसे के लिए दबाव बनाता रहता था। सोमवार शाम वह शराब के नशे में घर लौटा और मांस‑मछली लेने के बहाने पैसे मांगने लगा। मधु ने पैसे देने से मना किया तो उससे विवाद तेज़ हुआ और मारपीट शुरू हो गई। ससुराल के लोग भी बीच बचाव करने के बजाय मारपीट में पति का साथ दे रहे थे। इसी दौरान अचानक राजेश ने उस पर हमला कर दिया और अपने दांतों से जीभ काटकर घर के कुएं में फेंक दिया।"

पास के लोग चीख-पुकार सुनकर भागे और मधु को बेहोशी की हालत में तुरंत एसएनएमएमसीएच ले गए, जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। परिवार का कहना है कि पहले भी आर्थिक झगड़े होते रहे और कई बार उन्होंने शिकायत करने की सोची थी, परन्तु ऐसा कुछ होगा ये नहीं सोचा था।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष महतो ने बताया कि घटना की रिपोर्ट मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महतो ने कहा, "प्राथमिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन हम मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और आसपास के पड़ोसियों की मदद से ससुराल पक्ष की संलिप्तता की भी गहन जांच कर रहे हैं। जांच के आधार पर ही आरोपों की प्रकृति और धाराएं तय की जाएंगी।"

ससुराल वालों के बयान जुटाए जा रहे हैं

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि ससुराल के कुछ सदस्य भी घटना में शामिल रहे या उसे रोकने में विफल रहे। आशा देवी ने पुलिस से मांग की है कि केवल पति ही नहीं बल्कि जिन लोगों ने हमले में साथ दिया या बीच बचाव नहीं की , उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय समाजसेवी और पड़ोसी फिलहाल पीड़िता के इलाज और सुरक्षा के इंतजाम जुटाने में जुटे हैं। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि सभी संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-कुंदन सिंह, धनबाद

ये भी पढ़ें:

रक्षाबंधन से पहले 2 सगी बहनों का मर्डर, भाई ने 10 मिनट में दोनों को मार दिया; रुड़की में सनसनीखेज हत्याकांड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।