तेलंगाना के निर्मल जिले में पुलिस ने एक मंदिर में हुई एक चोरी के मामले को सुलझाने में कामयाबी पाई है। इस सिलसिले में पुलिस ने बीते गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया और करीब डेढ़ किलोग्राम वजन का चोरी हुआ चांदी का मुकुट और गहने बरामद किए। चोरी की इस वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
महाकाली मंदिर से चोरी किया चांदी का मुकुट और हुंडी का कैश
तेलंगाना पुलिस ने बसरा मंदिर परिसर में स्थित महाकाली मंदिर से चांदी का मुकुट और हुंडी का कैश चोरी होने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बसरा रेलवे स्टेशन पर तब पकड़ा गया जब वे कथित तौर पर महाराष्ट्र फरार होने की कोशिश में थे। सीसीटीवी फुटेज में चोर, चोरी करते हुए नजर आए थे। इसके आधार पर ही तेलंगाना पुलिस ने चोरों की पहचान की और उन्हें बाद में पकड़ लिया।
दो चोरों पर पहले से करीब 45 मामले हैं दर्ज
आरोपियों की पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के पल्लापु येडुकोंडालु, जिस पर चोरी के लगभग 25 मामले दर्ज हैं, निजामाबाद जिले के गैनी किरण उर्फ रामकृष्ण, जिस पर लगभग 20 मामले दर्ज हैं और महाराष्ट्र के सोलापुर के कोडम आनंद, जिसने कथित तौर पर चोरी का सामान संभाला था, के रूप में की गई है।
1.22 किलोग्राम चांदी के मुकुट के टुकड़े बरामद
पुलिस अधीक्षक डॉ. जी. जानकी शर्मिला ने बताया कि पुलिस ने 1.22 किलोग्राम चांदी के मुकुट के टुकड़े, 260 ग्राम चांदी की पायल, हुंडी से चुराए गए 16 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
ट्रेन में बैठकर फरार होते हुए पुलिस ने पकड़ा
स्पेशल इनपुट के आधार पर, पुलिस ने बीते 2 जुलाई को तीनों आरोपियों को काचेगुडा-नागरसोल ट्रेन में यात्रा करते समय पकड़ा। कोडम आनंद कथित तौर पर चोरी का मुकुट नांदेड़ ले जा रहा था। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं हैं। चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। उनके खिलाफ BNS की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर PAC जवान से गलती से चली गोली, छर्रा लगने से 3 लोग घायल; CCTV वीडियो आया सामने
Latest Crime News