A
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. भांजे के अंतिम संस्कार में पहुंचे मामा की गला रेतकर हत्या, रुड़की में मचा हड़कंप

भांजे के अंतिम संस्कार में पहुंचे मामा की गला रेतकर हत्या, रुड़की में मचा हड़कंप

बुधवार रात को कुणाल पुंडीर (25) के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई थी जिसमें जलने से उसकी मौत हो गई थी। पुंडीर का मामा सोनू चौहान गुरुवार को उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुड़की में अपने भांजे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक व्यक्ति की पारिवारिक विवाद में उसके जीजा के छोटे भाई ने गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। हरिद्वार के SSP प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने शुक्रवार को बताया कि रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब क्षेत्र के रहने वाले मुख्य आरोपी नमन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप

एसएसपी ने बताया कि बुधवार रात को एक युवक कुणाल पुंडीर (25) के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई थी जिसमें जलने से उसकी मौत हो गई थी। पुंडीर का मामा सोनू चौहान (40) गुरुवार को उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आया था और इसी दौरान उसके जीजा के छोटे भाई नमन ने पारिवारिक विवाद में कथित तौर पर उसकी गर्दन रेत कर हत्या कर दी। हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। 

चाकू और खून से सने कपड़े बरामद

सोनू चौहान की बहन ने इस संबंध में गंगनहर पुलिस थाने में शिकायत दी जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भागने की फिराक में रहे नमन को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।

काफी सालों से पारिवारिक विवाद

एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले काफी सालों से उनके बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और मौका मिलते ही उसने अपने भाई के साले चौहान की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि अभी पूछताछ चल रही है और अगर हत्या में किसी और के शामिल होने की बात सामने आई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

सावधान! शादी का निमंत्रण देने के बहाने घर में घुसकर लूट, बुर्जुग महिला के हाथ पैर बांधकर सोने के गहने लूटे

एकतरफा प्यार में पागल युवक की सनक, नाबालिग लड़की के पिता ने टोका तो गला रेता

Latest Crime News