1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. एकतरफा प्यार में पागल युवक की सनक, नाबालिग लड़की के पिता ने टोका तो गला रेता

एकतरफा प्यार में पागल युवक की सनक, नाबालिग लड़की के पिता ने टोका तो गला रेता

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 06, 2025 12:33 pm IST,  Updated : Nov 06, 2025 12:36 pm IST

एक युवक ने एकतरफा प्यार के जुनून में नाबालिग लड़की के पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब छात्रा अपने पिता के साथ ट्यूशन क्लास के लिए गई थी।

युवती का घायल पिता- India TV Hindi
युवती का घायल पिता Image Source : REPORTER

ओडिशा के भद्रक जिले के बसुदेवपुर ब्लॉक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने एकतरफा प्यार के जुनून में नाबालिग लड़की के पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। यह घटना बसुदेवपुर थाना क्षेत्र के अरूहा पंचायत के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है।

घायल शख्स की पहचान राजेंद्र राउत, निवासी कुंचागड़िया गांव के रूप में हुई है। वह एक 9वीं कक्षा की छात्रा के पिता हैं। हमलावर युवक का नाम आलोक बेहेरा बताया जा रहा है, जो बारंदुआ पंचायत के बिष्णुबिंधा गांव का रहने वाला है।

पिता के साथ ट्यूशन क्लास गई थी लड़की

जानकारी के अनुसार, आलोक काफी समय से तुलमतुला गांव की एक नाबालिग लड़की को परेशान कर रहा था। वह लड़की से प्यार करने का दावा करता था, लेकिन लड़की और उसके परिवार ने कई बार उसे समझाया और दूर रहने को कहा। 5 नवंबर को लड़की अपने पिता राजेंद्र के साथ ट्यूशन क्लास गई थी। वहां पहले से ही आलोक मौजूद था। जब राजेंद्र ने उसे देखकर विरोध किया और डांटा, तो दोनों के बीच बहस हो गई। गुस्से में आलोक मौके से चला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद वह राजेंद्र के घर पहुंचा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। पहले उसने उनकी गर्दन पर वार किया और फिर मौके से भाग गया। हमलावर ने अपनी मोटरसाइकिल पास में ही छोड़ दी और दौड़कर भाग निकला।

ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को 108 एंबुलेंस से बसुदेवपुर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले गए। वहां उनका इलाज चल रहा है और हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित राजेंद्र राउत ने कहा, "हमारा एक दूसरे के घर आना-जाना था। इस बीच, आलोक मेरी बेटी पर जबरदस्ती संपर्क रखने का दबाव बनाने लगा। मेरी एक ही बेटी है, जो 15 साल की है। मेरी बेटी 9वीं कक्षा में है। आलोक ने मेरी बेटी को मारा पीटा और उसे जबरदस्ती बातचीत करने को बाध्य किया। मेरी बेटी ने उससे संपर्क रखने से मना कर दिया। मेरी पत्नी ने इस बात की जानकारी मुझे दी।"

ट्यूशन के बाहर छात्रा का इंतजार कर रहा था युवक

उन्होंने आगे बताया, "मैं कल बड़बिल इलाके से गांव आया। मैंने देखा कि मेरी बेटी ट्यूशन गई है और आलोक ट्यूशन के बाहर उसके आने का इंतजार कर रहा है। मैंने जब उससे पूछा कि तुमने मेरी बेटी को क्यों मारा, तो वह मुझसे बहस करने लगा। मैंने उसे चले जाने को कहा, तो वह चल गया। मैंने ट्यूशन सर से पूछा कि छुट्टी कब होगी, तो उन्होंने कहा कि 11 बजे छुट्टी होगी। मैं मेरी बेटी का इंतजार कर रहा था, तभी मैंने देखा कि आलोक फिर से ट्यूशन के बाहर आकर बैठ गया है। मैंने उसे फिर से पूछा कि तुम यहां क्यों आए हो तो उसने सीधे अपनी पॉकेट से चाकू निकाला और मुझ पर हमला कर दिया। वहां पर खड़े लोगों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया।  गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। उसका नाम आलोक बेहेरा है।"

घटना की जानकारी मिलते ही बसुदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावर की छोड़ी हुई बाइक को जब्त कर लिया है और आरोपी आलोक बेहेरा की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। यह मामला एकतरफा प्रेम और जुनून का है, जो हिंसा में बदल गया। इस घटना के बाद अरूहा और तुलमतुला इलाके में भारी तनाव फैल गया है। लोग आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

"न्यूयॉर्क के लोग फ्लोरिडा भाग जाएंगे", जोहरान ममदानी की जीत पर ट्रंप ने क्यों की ऐसी भविष्यवाणी?

"तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए, नहीं तो जल जाएगी", वोट डालने के बाद लालू यादव का ट्वीट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।