नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में CISF के एक जवान के द्वारा महिला की तस्वीर खींचने के बाद विवाद का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक महिला ने अपनी फोटो खींचने का विरोध किया, जिस पर जवान ने ऐसा कुछ भी होने से इनकार किया। हालांकि जब उसके फोन की गैलरी चेक की गई तो उसमें महिला की तस्वीरें मिली, जिसके बाद कोच में सवार अन्य लोग भी इस विवाद में शामिल हो गए और तस्वीरें डिलीट करने को कहने लगे। इस बात को लेकर अन्य लोगों के साथ जवान की हाथापाई भी हुई। फिलहाल CISF दिल्ली मेट्रो ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
महिला की फोटो खींचने पर हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि दिल्ली मेट्रो के एक कोच में एक महिला ने पैरामिलिट्री फोर्स के एक जवान पर अपनी फोटो खींचने का आरोप लगाया। इसके बाद कोच में सवार अन्य लोगों के साथ उसकी हाथापाई हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना दोपहर करीब 1 बजे AIIMS मेट्रो स्टेशन पर हुई, जब महिला ने कथित फोटो को लेकर जवान से सवाल-जवाब किया। CISF के एक अधिकारी ने बताया कि ASI रैंक के इस अधिकारी को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है।
कोच में अन्य लोगों से हुई हाथापाई
सूत्रों के मुताबिक, जवान ने महिला की फोटो लेने से इनकार किया, लेकिन जब उसके मोबाइल फोन की गैलरी में महिला की फोटो मिलीं, तो कुछ यात्री भी बहस में शामिल हो गए। यात्रियों ने उससे फोटो डिलीट करने को कहा। बहस तब और बढ़ गई जब जवान कोच से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा और कुछ यात्रियों ने उसे रोक लिया, जिससे हाथापाई हो गई।
जवान को किया गया सस्पेंड
वहीं इस पूरी घटना पर CISF दिल्ली मेट्रो ने भी एक बयान जारी किया है। जारी बयान में कहा गया, "मेट्रो ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ CISF के एक कर्मचारी द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। CISF ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है और मामले को उच्च स्तर पर देखा जा रहा है। संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के नतीजों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।"
जांच में जुटी पुलिस
इस बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस इस पूरी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभी तक किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
बर्थडे से 11 दिन पहले जुड़वा बच्चों की मौत, स्विमिंग पूल में डूबने से हुआ हादसा; छुट्टी मनाने गया था परिवार