1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. बर्थडे से 11 दिन पहले जुड़वा बच्चों की मौत, स्विमिंग पूल में डूबने से हुआ हादसा; छुट्टी मनाने गया था परिवार

बर्थडे से 11 दिन पहले जुड़वा बच्चों की मौत, स्विमिंग पूल में डूबने से हुआ हादसा; छुट्टी मनाने गया था परिवार

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 16, 2026 10:46 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 10:49 pm IST

गुजरात के आनंद जिले में एक स्विमिंग पूल में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों जुड़वा बच्चे थे और दोनों का जन्मदिन 11 दिन बाद था। वहीं इस हादसे का बाद परिजनों में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक परिवार के लोग वीकेंड पर छुट्टियां मनाने वडोदरा आए थे।

स्विमिंग पूल में डूबने से जुड़वा बच्चों की मौत।- India TV Hindi
स्विमिंग पूल में डूबने से जुड़वा बच्चों की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के आनंद जिसे के अंकलाव तहसील के उमेटा के पास स्थित कामधेनु रिसॉर्ट से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। वडोदरा के तांदलजा से वीकेंड की छुट्टी मनाने आए एक परिवार के दो मासूम जुड़वा भाइयों की स्विमिंग पूल में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मासूमों का जन्मदिन 27 अगस्त को आने वाला था, लेकिन जन्मदिन से ठीक 11 दिन पहले घटी इस त्रासदी ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने रिसॉर्ट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, वहीं आंकलाव पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वीकेंड पर छुट्टी मनाने गया था परिवार

वडोदरा के तांदलजा इलाके का सिद्दीकी परिवार वीकेंड पर फुर्सत के पल बिताने उमेरा स्थित कामधेनु रिसॉर्ट पहुंचा था। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि यह पिकनिक उनके जीवन का सबसे काला दिन बन जाएगा। परिवार के दो जुड़वा मासूम हमजा सिद्दीकी और नोमान सिद्दीकी स्विमिंग पूल में नहाने उतरे थे। आरोप है कि नहाते समय दोनों बच्चे गहरे (एडल्ट) स्विमिंग पूल में चले गए और पानी में डूब गए। बच्चों को बाहर निकालकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों मासूमों की जान नहीं बचाई जा सकी।

दोनों मृतकों का 11 दिन बाद था जन्मदिन

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि दोनों जुड़वा भाइयों का जन्मदिन आगामी 27 अगस्त को था। बच्चों ने रिसॉर्ट जाने की जिद की थी और पिता को भी साथ चलने के लिए मना लिया था। परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था कि बच्चों के साथ बिताई यह छुट्टी उनकी ज़िंदगी की आखिरी याद बनकर रह जाएगी। एक साथ दोनों चिरागों के बुझ जाने से सिद्दीकी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जांच में जुटी पुलिस की टीम

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने रिसॉर्ट मैनेजमेंट पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बच्चों और बड़ों के पूल का अलग विभाजन, लाइफगार्ड की तैनाती और निगरानी की व्यवस्था जैसे सुरक्षा मानकों पर रिसॉर्ट घिरता नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आंकलाव पुलिस ने कामधेनु रिसॉर्ट पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि रिसॉर्ट में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं और इस लापरवाही के लिए कौन ज़िम्मेदार है। (इनपुट- नचिकेत मेहता)

यह भी पढ़ें-

जिंदा बेटे का बनवा दिया डेथ सर्टिफिकेट, जमीन हथियाने के लिए मां ने ही रची साजिश; दादा ने खोली पोल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।