1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. पुतिन ने जमकर की PM मोदी की तारीफ, यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को सराहा

पुतिन ने जमकर की PM मोदी की तारीफ, यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को सराहा

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 02, 2026 06:39 am IST,  Updated : Oct 02, 2026 07:21 am IST

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। एक कार्यक्रम में उन्होंने यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष को खत्म कराने की कोशिशों को लेकर उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके पास शांतिपूर्ण समाधान के लिए "अच्छे विचार" हैं।

पुतिन ने की PM मोदी की तारीफ।- India TV Hindi
पुतिन ने की PM मोदी की तारीफ। Image Source : AP/FILE

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार (स्थानीय समय) को यूक्रेन के साथ संघर्ष को खत्म करने की पीएम नरेंद्र मोदी की कोशिशों की तारीफ। उन्होंने कहा कि उनके पास शांतिपूर्ण समाधान के लिए "अच्छे विचार" हैं। लोगों को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन वैश्विक नेताओं में से एक हैं जो हमारे बहुत अच्छे और दोस्ताना रिश्तों, और व्यक्तिगत अच्छे संबंधों के बावजूद, लगातार यूक्रेन में संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा उठाते हैं और इस बारे में सवाल पूछते हैं।" 

"निष्पक्ष रूख अपनाते हैं पीएम मोदी"

पुतिन ने आगे कहा कि पीएम मोदी आपसी सहमति वाले समाधानों के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं। पुतिन ने कहा, "उनकी गहरी दिलचस्पी है और उनके पास आपसी सहमति वाले समाधान खोजने के लिए बहुत अच्छे विचार हैं। इस लिहाज से, स्वाभाविक रूप से, प्रधानमंत्री निष्पक्ष रुख अपनाते हैं, लेकिन संघर्ष को खत्म करने में उनकी दिलचस्पी है। मुझे लगता है कि यह बात सीधे तौर पर कहना मेरा फ़र्ज़ है। और हम प्रधानमंत्री के विचारों के लिए उनके आभारी हैं।" पुतिन ने बातचीत के जरिए यूक्रेन के साथ संघर्ष को सुलझाने की कोशिशों और लगातार समर्थन के लिए मोदी का आभार जताया। उन्होंने आगे कहा, "हम शांतिपूर्ण तरीकों से और जल्द से जल्द इस संघर्ष को खत्म करने की उनकी इच्छा के लिए आभारी हैं।"

PM मोदी ने की शांति की अपील

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार शांति की अपील की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि भारत ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर एक सैद्धांतिक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया है। उन्होंने अगस्त में जापान की यात्रा के दौरान एक इंटरव्यू में कहा, "भारत ने इस संघर्ष पर एक सैद्धांतिक और मानवीय रुख अपनाया है, जिसकी राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की दोनों ही सराहना करते हैं। इसी क्रम में, दोनों नेताओं ने संघर्ष से जुड़े घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा करने के लिए मुझसे बात की। मैंने भारत के सैद्धांतिक और सुसंगत रुख को दोहराया और संघर्ष को सुलझाने के लिए बातचीत और कूटनीति को बढ़ावा दिया।"

दोनों देशों के बीच शांति प्रयासों में भारत की क्या भूमिका हो सकती है, इस सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा, "मैंने पहले ही संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से किए जा रहे सार्थक प्रयासों का समर्थन करने की भारत की इच्छा जाहिर की है। मेरा मानना ​​है कि दोनों पक्षों के साथ हमारे अच्छे संबंधों के कारण, हम यूक्रेन में जल्द और स्थायी शांति बहाल करने के प्रयासों को मजबूत कर सकते हैं।"

PM मोदी और पुतिन की मुलाकात

बता दें कि पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हाल ही में सितंबर में नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। इस दौरान उन्होंने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने - जिसमें 'आर्थिक सहयोग कार्यक्रम 2030' को लागू करना शामिल है - और साथ ही बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। (इनपुट- ANI)

यह भी पढ़ें-

फ्लाईदुबई विमान कांड में ईरान का कनेक्शन? ट्रंप बोले- "उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।