अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल जा रहे फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश करने वाले को-पायलट के ईरान से संबंध हो सकते हैं। हालांकि, ट्रंप ने इस संभावित कनेक्शन के बारे में कोई ठोस विवरण साझा नहीं किया।
'जो मैं सुन रहा हूं, उसके आधार पर जवाब हां है'
व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें विमान घटना से जुड़े पायलट और ईरान के बीच किसी संभावित संबंध के बारे में जानकारी दी गई है। इस पर ट्रंप ने कहा, "हम अभी इस पर काम कर रहे हैं।" इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ किसी तरह का संबंध होने की संभावना है, तो ट्रंप ने कहा, "जो मैं सुन रहा हूं, उसके आधार पर मैं कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम अभी इस पर काम कर रहे हैं।"
ईरान के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर ट्रंप की चेतावनी
पत्रकारों ने ट्रंप से यह भी पूछा कि अगर विमान घटना के पीछे ईरान का हाथ साबित होता है, तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा। इस पर ट्रंप ने कहा, “ओह, उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी, चिंता मत करो।" ट्रंप ने आगे कहा, "बस उनसे पूछिए। उन्हें पता है कि क्या हुआ है। उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी।"
ट्रंप के बयान में ईरान और विमान घटना के बीच संभावित संबंध का संकेत दिया गया है, लेकिन उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत या खुफिया जानकारी सार्वजनिक नहीं की। मामले की जांच जारी होने की बात भी उनके बयान से स्पष्ट है।
वहीं, फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कैप्टन पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को लेकर जांच में कई गंभीर दावे सामने आए हैं। 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' से बातचीत में एक इजरायली अधिकारी ने दावा किया कि को-पायलट ने सोशल मीडिया पर यहूदियों को मारने से जुड़ी बातें पोस्ट की थीं। अधिकारी के मुताबिक, उसके सोशल मीडिया अकाउंट से उसके कथित तौर पर कट्टरपंथी जिहादी विचारधारा से प्रभावित होने के संकेत मिले हैं।
बता दें कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ-1073 के दौरान ओमान के सह-पायलट ने मुख्य पायलट कैप्टन स्मित माछर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे विमान 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरने लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय मूल के कैप्टन स्मित माछर ने साहस दिखाया और यात्रियों व केबिन क्रू की मदद से हमलावर सह-पायलट को काबू में किया गया, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
ये भी पढ़ें-
फ्लाईदुबई के हीरो पायलट स्मित मच्छार सऊदी अरब से दुबई एयरलिफ्ट, तबुक में चल रहा था इलाज
अब कैसी है कैप्टन स्मित मच्छार की हालत? UAE में भारत के राजदूत ने मिलकर जाना हाल