1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'दिल्ली के निर्माण की शक्ति बनेगी युवा प्रतिभा', CM रेखा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं से की खास अपील

'दिल्ली के निर्माण की शक्ति बनेगी युवा प्रतिभा', CM रेखा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं से की खास अपील

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुईं। यहां उन्होंने ध्वाजारोहण किया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के संकल्प को साकार करने में दिल्ली अग्रणी भूमिका निभाएगी और इस विशेष जिम्मेदारी का नेतृत्व दिल्ली के युवा करेंगे।

सीएम रेखा गुप्ता।- India TV Hindi
Image Source : X/GUPTA_REKHA सीएम रेखा गुप्ता।

नई दिल्ली: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत 2047 के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने में दिल्ली अग्रणी भूमिका निभाएगी और इस विशेष जिम्मेदारी का नेतृत्व दिल्ली के युवा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा जागरूक, तकनीक से जुड़ा और नवाचार की सोच रखने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का युवा केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने की क्षमता रखता है। वह केवल तकनीक का उपयोग नहीं करता, बल्कि नई तकनीक और नवाचार विकसित करने की क्षमता भी रखता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने विचारों को स्टार्टअप, अपनी रचनात्मकता को नवाचार, अपने प्रश्नों को शोध और अपनी संवेदनशीलता को समाज सेवा में बदलें। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित दिल्ली के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी।

'अपनी प्रतिभा को दिल्ली और देश के निर्माण में लगाएं युवा'

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, " पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और दिल्ली के प्रति उनके निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती हूं। आपके नेतृत्व में विकसित भारत की दहलीज पर पहला कदम दिल्ली रखेगी।" उन्होंने कहा कि दिल्ली Active भी है, दिल्ली Attentive भी है और दिल्ली Attractive भी है। आज दिल्ली का युवा टेक्नोलॉजी जानता है। दुनिया से कनेक्टेड है। मेंटल हेल्थ, क्लाइमेट चेंज, जेंडर इक्वलिटी, इनोवेशन और सोशल जस्टिस जैसे मुद्दों पर वह सेंसिटिव भी है और अवेयर भी है। युवा साथियों, अपनी प्रतिभा को दिल्ली और देश के निर्माण में लगाइए।"

'महिला आगे बढ़ती है तो राज्य आगे बढ़ता है'

सीएम ने आगे कहा, "हमने दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू की, जिसमें जरूरतमंद बहनों को ₹2,500 प्रति माह देने का काम शुरू किया है। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमारी लगभग 7,25,000 बहनों ने इस योजना के अंतर्गत अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। 17 लाख बहनों को इस योजना के अंतर्गत लाभ देने का हमारा टारगेट है। जब महिला स्ट्रॉन्ग बनती है तो परिवार मजबूत होता है। जब महिला आगे बढ़ती है तो राज्य आगे बढ़ता है। हमारी सरकार का एक मात्र धर्म जनसेवा है, एकमात्र उद्देश्य दिल्ली का समग्र विकास और एक मात्र संकल्प दिल्ली के हर नागरिक के जीवन को बेहतर बनाना है।”

'सीएम रेखा गुप्ता ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई'

इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर एक पोस्ट कर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्रसाल स्टेडियम में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। सभी देशवासियों और दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज इस गौरवपूर्ण अवसर पर विकसित दिल्ली के संकल्प और आने वाले वर्षों की स्पष्ट दिशा को दिल्लीवासियों के सामने रखा। हमारा लक्ष्य ऐसी राजधानी का निर्माण है, जो स्वच्छ, आधुनिक और आत्मनिर्भर हो, जहां नारीशक्ति सशक्त हो, युवाओं के लिए नए अवसर हों, हर नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंचे और हमारी संस्कृति-विरासत विकास के साथ आगे बढ़े। विकसित भारत की यात्रा में दिल्ली अपनी पूरी सामर्थ्य के साथ अग्रणी भूमिका निभाए, इसी संकल्प के साथ हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।"

यह भी पढ़ें-

अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्था में बड़ा बदलाव, सेवा में लगे सभी अर्चकों के लिए तय किया गया ड्रेस कोड