1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसा मामले में एक्शन, पुलिस ने 3 ठेकेदारों को किया गिरफ्तार

दिल्ली के चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसा मामले में एक्शन, पुलिस ने 3 ठेकेदारों को किया गिरफ्तार

चावड़ी बाजार में अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने तीन कॉन्ट्रैक्टर्स को गिरफ्तार कर लिया है।

चावड़ी बाजार बिल्डिंग...- India TV Hindi
Image Source : PTI चावड़ी बाजार बिल्डिंग गिरने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दिल्ली के चावड़ी बाजार में बीते गुरुवार को गिरी अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के मामले में आज (शुक्रवार को) बड़ा एक्शन हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग बनवा रहे तीन कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार किया है। इन तीनों को पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। तीनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।

अवैध बिल्डिंग बनाने वाले ठेकेदारों पर केस दर्ज

बता दें कि गुरुवार को हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में पता लगा है कि बिल्डिंग इल्लीगल थी, जिसके बाद कंस्ट्रक्शन करने वाले तीनों कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ FIR दर्ज की गई और अब इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी बीच, जिन लोगों ने इस हादसे में अपने परिजनों को खोया है, उनका रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन पूरी रात खुले आसमान के नीचे रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन को देखते रहे।

सीएम गुप्ता ने जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को किया सस्पेंड

वहीं, हादसे वाली जगह से अब भी मलबा हटाने का काम जारी है। संकरी गली में इमारत होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को मौके पर पहुंचीं थीं। हालात का जायजा लेने के बाद रेखा गुप्ता ने इलाके के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया था। साथ ही, मामले में सख्त एक्शन लेने का भी भरोसा दिया था।

मलबे से निकाले गए थे 2 शव

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को बताया था कि दो लोगों के शव निकाले जा चुके हैं जबकि एक शख्स को घायल अवस्था में बचा लिया गया है। इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा 2 और मंजिलें थी और यहां कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। बिल्डिंग गिरने की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, निर्माण कार्य करवाने वाले ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने अफसरों को दी चेतावनी

इसके बाद, सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की थी कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करते वक्त सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि लोग घर बनाते समय अपनी सुरक्षा को जिस प्रकार से नजरअंदाज कर रहे हैं, वह उनकी अपनी जान के लिए खतरनाक है। साथ ही, सीएम गुप्ता ने निर्माण कार्य की देख-रेख करने वाले अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अफसर लापरवाही बरतते पाए गए, तो उनके खिलाफ एक्शन होगा।

24 घंटे बाद भी नहीं हटाया जा सका मलबा

चावड़ी बाजार की गली शहतारा में गिरी बिल्डिंग में अभी तक भी राहत बचाव का काम चल रहा है। 24 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है लेकिन अभी भी मलबा पूरी तरह नहीं हट पाया है। लक्ष्मण नाम का एक मजदूर भी बिल्डिंग गिरने के बाद से ही लापता है। लक्ष्मण की बेटी कल शाम से ही अपने परिजनों के साथ घटनास्थल के बाहर बैठी है और इंतजार कर रही है कि कब उनके पिता के बारे में जानकारी मिले कि वह किस हालत में हैं। लक्ष्मण की बेटी प्रशासन की कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़ी कर रही है कि 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है लेकिन अब तक मलबा हट नहीं पाया है।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें- दिल्ली के हर्ष विहार में निर्माणाधीन इमारत ढही, 12 घंटे के रेस्क्यू के बाद मलबे से मिले 2 शव