A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. डबल मर्डर से कांपी दिल्ली, डांटने से नाराज नौकर ने मां-बेटे को बेरहमी से मार डाला

डबल मर्डर से कांपी दिल्ली, डांटने से नाराज नौकर ने मां-बेटे को बेरहमी से मार डाला

दिल्ली के लाजपत नगर-1 इलाके में देर रात डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। यहां मां और बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप घर के नौकर पर लगा है।

delhi Lajpat Nagar double Murder- India TV Hindi
Image Source : FILE दिल्ली के लाजपत नगर में डबल मर्डर।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर से भयानक अपराध की घटना से कांप गई है। दिल्ली के लाजपत नगर में डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। यहां एक घर में मां और नाबालिग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मां और बेटे की गला रेतकर हत्या की गई है। इस घटना के बाद से घर का नौकर फरार था। हालांकि, पुलिस ने नौकर को अब पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में नौकर ने बताया है कि मालकिन ने उसे डांटा था इसलिए उसने दोनों को मार दिया है। आइए जानते हैं कि इस दिल दहला देने वाली वारदात के बारे में अब तक क्या क्या मालूम चला है।

कैसे हुआ डबल मर्डर का खुलासा?

दिल्ली के लाजपत नगर में डबल मर्डर की ये वारदात देर रात हुई है। पुलिस को घटना की सूचना कल देर रात मिली। घर का दरवाजा कई बार खटखटाने के बाद कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर दोनों शव खून से लथपथ हालत में मिले।

नौकर पर क्यों घूमी शक की सूई?

दरअसल, हत्या के बाद से ही घरेलू नौकर लापता था, जिससे पुलिस को शक हुआ कि वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो सकता है। इसके बाद आरोपी नौकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में नौकर ने बताया कि उसे मालकिन ने डांटा था इसलिए उसने इस डबल मर्डर को अंजाम दिया। आरोपी नौकर मुकेश (उम्र 24 वर्ष) बिहार के हाजीपुर का रहने वाला है। वह गारमेंट शॉप में ड्राइवर/शॉप-हेल्प का काम करता है। वह वर्तमान में अमर कॉलोनी में रह रहा है। जब वह भाग रहा था उस समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अब तक क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, उन्हें 2 जुलाई को रात 9:43 बजे 44 वर्ष के कुलदीप की ओर से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। उसने बताया कि उसकी पत्नी और बेटा उसकी कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं। दरवाजा बंद है और गेट और सीढ़ियों पर खून के धब्बे हैं। कॉल प्राप्त करने पर पुलिस वहां पहुंची और जबरन गेट खोला गया। वहां परिसर के अंदर एक महिला और एक बच्चे का शव मिला। महिला की पहचान रुचिका सेवानी (उम्र 42 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ लाजपत नगर मार्केट में एक गारमेंट की दुकान चलाती थी। वहीं, उनका बेटा 14 साल का था और कक्षा 10वीं का छात्र था। पुलिस ने कहा है कि आगे की जांच चल रही है। समय आने पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- दो बार गर्भपात..7 साल तक यौन शोषण, दिल्ली में लव जिहाद का चौंकाने वाला मामला, पीड़िता ने की सुसाइड की कोशिश

सराय काले खां में पुलिस और एसटीएफ का ज्वाइंट ऑपरेशन, नामी बदमाश गोलीबारी में घायल, बाल-बाल बचे एसीपी