साउथ ईस्ट दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे के पास एसटीएफ और सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस की एक कुख्यात बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई। इस ज्वाइंट ऑपरेशन में एसटीएफ और पुलिस की टीम ने वांछित अपराधी ललित नेपाली को घायल कर दिया। बदमाश और पुलिस के बीच हुई गोलीबारी में एसीपी, लाजपत नगर बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए। पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, बदमाश ललित नेपाली 2 दर्जन से अधिक वारदातों में शामिल था। कई केसों में अदालतों द्वारा उसे भगोड़ा भी घोषित किया गया है। घायल बदमाश साकेत थाने में एक मुकदमें में 14 साल का सजायाफ्ता भी है। बता दें कि एनकाउंटर के बाद पुलिस ने बदमाश के पास से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
दिल्ली पुलिस चला रही 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान
बता दें कि दिल्ली पुलिस द्वारा इन दिनों 'ऑपरेशन लंगड़ा' चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर ही दिल्ली में भी बदमाशों को चुन-चुनकर ठिकाने लगाया जा रहा है। इसके तहत दिल्ली पुलिस ने बीते दिनों एक अमेरिकी नागरिक से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह घटना 25-26 जून की रात को अमर कॉलोनी के आस्था कुंज डीडीए पार्क में हुई थी, जहां अक्षय और जतिन नाम के बदमाशों ने एक अमेरिकी लॉ स्टूडेंट को घायल कर उससे लूटपाट की थी। उस समय पीड़ित अपनी महिला मित्र के साथ वापस होटल जा रहा था। अमेरिकी नागरिक के साथ हुई इस वारदात ने दिल्ली पुलिस को खुली चुनौती दी, जिसके बाद बदमाशों की पहचान की गई और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया।
कैसे पकड़ाए बदमाश?
रविवार सुबह 5 बजे, एक गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने उसी आस्था कुंज पार्क में जाल बिछाया। अतिरिक्त डीसीपी (साउथ ईस्ट) ऐश्वर्य सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों बदमाशों को पार्क में देखा और उन्हें सरेंडर करने को कहा। हालांकि, बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दो गोलियां इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।