राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला से 200 करोड़ रुपये की भारी भरकम रंगदारी की मांग की गई है। रंगदारी की रकम न देने पर महिला और उसके पति को जान से मारने की भी धमकी दी गई है। महिला को ये धमकी वॉट्सऐप कॉल कर के दी गई है। सूत्रों के अनुसार, ये दिल्ली में अब तक मांगी गई रंगदारी की यह सबसे बड़ी रकम है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और फोन करने वाले की पहचान और इतनी बड़ी रकम की मांग के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सिविल लाइंस इलाके में महिला की संपत्ति
दिल्ली पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके की रहने वाली एक महिला को कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से एक विदेशी नंबर से धमकी भरी वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और महिला व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। सूत्रों के मुताबिक, करीब 50 साल की यह महिला सिविल लाइंस इलाके में रहती है और वहां उसकी पुश्तैनी संपत्ति है। 7 सितंबर को रात करीब 10:44 बजे उसे एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने कथित तौर पर खुद को गोल्डी बराड़ बताया और दावा किया कि उसके पास महिला के बारे में पूरी जानकारी है। कॉलर ने कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर महिला व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
शुरुआती जांच के बाद, पुलिस ने 10 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि धमकी असल में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दी थी या किसी ने निजी या संपत्ति से जुड़े विवाद के चलते उसके नाम का इस्तेमाल किया। बता दें कि इससे पहले दिल्ली के एक बिजनेसमैन को भी गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी मिली थी और उससे 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
कौन है गोल्डी बराड़?
गोल्डी बराड़ का असल नाम सतिंदरजीत सिंह है। वह पंजाब के मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। गोल्डी बराड़ 2022 में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपियों में से एक है। भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत 2024 में गोल्डी "आतंकवादी" घोषित किया था। जानकारी के अनुसार, बराड़ छात्र वीजा पर कनाडा गया था और माना जाता है कि वह इस समय अमेरिका में है। पंजाब सरकार ने भी अखबारों में विज्ञापन जारी कर के विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ समेत 28 भगोड़े अपराधियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वालों को पांच लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कारों की घोषणा की थी। (इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- दिल्ली के आया नगर में जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, ट्रेनर विजय कुमार को मारीं 4 गोलियां, मौके पर मौत
कारगिल युद्ध के हीरो पर गुरुग्राम में जानलेवा हमला, बुरी तरह से घायल हुए रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित गुप्ता