1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली से बड़ी खबर: सांसदों के अपार्टमेंट में आग, भेजनी पड़ीं दमकल की 8 गाड़ियां

दिल्ली से बड़ी खबर: सांसदों के अपार्टमेंट में आग, भेजनी पड़ीं दमकल की 8 गाड़ियां

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बुधवार को देर शाम एक अपार्टमेंट में आग लग गई। बता दें कि इस अपार्टमेंट में कई सांसदों के घर मौजूद हैं।

delhi mps apartment fire- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक फोटो।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हादसे की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मध्य दिल्ली क्षेत्र में स्थित सिंधु अपार्टमेंट में आग लगने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, आग बुधवार की शाम को लगी जिसकी सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने एक्शन लिया। इसके बाद दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के लिए भेजी गईं। आपको बता दें कि मध्य दिल्ली क्षेत्र में स्थित सिंधु अपार्टमेंट में देश के कई सांसदों के आवास भी हैं।

कोई भी हताहत नहीं

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि सिंधु अपार्टमेंट में लगी आग की घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। अधिकारी ने बताया कि उन्हें ग्राउंड फ्लोर पर स्थित बिजली बोर्ड में आग लगने की घटना की सूचना रात 8.44 बजे मिली। ये अपार्टमेंट कनॉट प्लेस के पास बाबा खड़क सिंह मार्ग पर स्थित हैं। अधिकारी ने कहा, "हमने आठ दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर भेजीं और रात 9.15 बजे आग बुझा दी गई।"

दिल्ली के जहांगीरपुरी स्थित बैंक्वेट हॉल में लगी आग

इससे कुछ ही दिनों पहले उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शनिवार सुबह आग लगने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद अधिकारियों ने चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा था। आग एक अस्थायी टिन-शेड से शुरू हुई और बैंक्वेट हॉल परिसर में लगभग 1,500 वर्ग गज में फैल गई। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।(इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिल्ली ब्लास्ट का नया VIDEO आया सामने, धमाका होते ही कई फीट ऊंचे उड़े वाहनों के परखच्चे

दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में कितनी गाड़ियों को पहुंचा नुकसान? सामने आया आंकड़ा